कहा,,ऐसे दोषी अस्पतालों के खिलाफ दर्ज होंगे क्रिमिनल केस
फरीदाबाद, 14 मई । मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि कोविड-19 के इलाज में कुछ प्राइवेट अस्पतालों द्वारा लूट व मनमानी की जा रही है। ऐसे अस्पताल सरकार द्वारा निर्धारित किए गए रेट से ज्यादा पैसा मरीजों से वसूल रहे हैं ऐसे दोषी अस्पतालों के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज किए जाएंगे, उनके लाइसेंस रद्द किए जाएंगे, और उनकी ऑक्सीजन सप्लाई भी बंद कर दी जाएगी। हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने मुख्यमंत्री के इस बयान का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री से मांग की है कि पिछले 2 महीने में कोविड-19 के इलाज में सभी छोटे बड़े अस्पताल और नर्सिंग होम ने जो पैसा मरीजों से वसूला है उसकी उच्च स्तरीय जांच कमेटी से ऑडिट व जांच कराई जाए। जांच के बाद जिस अस्पताल ने सरकार द्वारा निर्धारित किए गए रेट साधारण बेड 12000/-,ऑक्सीजन बेड = 15000/-, वेटीलेटर 18000/-(दवाइयों व इलाज सहित ) से ज्यादा पैसा मरीजों से लिया है उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और मरीजों से वसूला गया फालतू पैसा उनको वापिस दिलाया जाए। तभी मुख्यमंत्री की बात सही मानी जाएगी। मंच के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट ओपी शर्मा व प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा ने कहा है कि अस्पतालों को यह संदेश नहीं जाना चाहिए कि उन्होंने मरीजों से अब तक जो ज्यादा पैसा वसूल कर गलती की है उसे माफ किया जाता है आगे से निर्धारित रेट पर पैसा वसूलें। मंच का कहना है कि सच्चा न्याय तो यही होगा कि अब तक जो फालतू पैसा मरीजों से वसूला गया है उसे वापस मरीजों को दिलवाया जाए। मंच ने कहा है कि अगर सरकार ने ऐसा नहीं किया तो मंच पीडि़त मरीजों व उनके परिजनों को न्याय दिलवाएगा।
