रामनवमी पर भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया

फरीदाबाद। रामनवमी पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया गया। ओल्ड फरीदाबाद के सैयदवाड़ा में श्री महावीर मंदिर सेवा समिति द्वारा हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। मंदिर में भगवान श्रीराम का अभिषेक किया। भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया। श्री महावीर मंदिर सेवा समिति द्वारा यह उत्सव हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है लेकिन इस बार कोविड-19 महामारी के चलते इसका आयोजन सादगी के साथ किया गया तथा सामाजिक दूरी व सैनिटाइजिंग का विशेष ध्यान रखा गया। इस मौके पर श्री महावीर मंदिर सेवा समिति के प्रमुख सेवादार मूलराज नंदराजोग, सेवादार टोनी पहलवान, कुलदीप सिंह साहनी ने बताया कि रामनवमी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मदिवस के तौर पर मनाई जाती है। श्रीराम भगवान विष्णु के सातवें अवतार थे, जिन्होंने अधर्म का नाश करने और धर्म की स्थापना करने के लिये जन्म लिया था। उन्होंने कहा कि राम नवमी का पर्व अपने पुरातन इतिहास को व्यक्त करता है। लगभग 6 लाख वर्ष पूर्व आज ही के पवित्र दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का अवतार हुआ था। नवमी के साथ ही नौ दिन तक चले शक्ति आराधना के पर्व नवरात्रि का समापन हो गया। श्रद्धाुलओं ने हवन यज्ञ कर नवरात्रि के संकल्प को पूरा किया। कुछ भक्तों ने अष्टमी को ही कन्या पूजन की पंरपरा का निर्वाह किया तो कुछ ने नवमी के दिन परंपरा निभायी। कन्याओं को वस्त्र, द्रव्य समर्पित कर भोजन कराया गया। बहुत से श्रद्धालुओं ने नौ दिनों तक उपवास रखा था इस अवसर पर अनिल गुप्ता एडवोकेट, सुनील कुमार, सतपाल चौधरी, रमेश चौधरी, रमेश मेहता, लोकेश मनचंदा, पंडित संतोष, राजीव शास्त्री, पंडित महेश कुमार, कमल, सुरेंद्र अरोड़ा, टीटू मटकेवाला, सोनू शर्मा तथा अन्य लोग उपस्थित थे।