फरीदाबाद। कोरोना महामारी के दूसरे चरण को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी विभाग अपने से जुड़ी जिम्मेदारियों को लेकर सजग रहें। आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध रूप से अपनी सभी तैयारी पूरी रखें। यह दिशा-निर्देश मंडल आयुक्त संजय जून ने आज जिले के सभी विभागों सहित समाजसेवी सगठनों, आरडब्लूए के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सम्बोधित करते हुए कहे। मंडल आयुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार के कुशल मार्गदर्शन में जिले के सभी विभाग अपने से जुड़ी तैयारी के प्रति पूर्ण गंभीरता बरतें। आमजन की जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अपने से जुड़े सभी दायित्वों का निर्वाह पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से करें ताकि कोरोना महामारी के द्वितीय चरण को योजनाबद्ध तरीके से बिना किसी नुकसान के निपटा जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सुविधाओं व सभी मूलभूत सुविधाओं व आवश्यक सामग्रियों का किसी भी सूरत में कोई दुरुपयोग ना होने पाए। संबंधित अधिकारी कोविड-19 से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान रखें और समय-समय पर इसकी जांच व औचक निरीक्षण अपने-अपने स्तर पर करते रहें। इस संबंध में शिकायत पाए जाने पर गंभीरता के साथ ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आएं और उनके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाएं। उन्होंने बताया कि जिले के नोडल अधिकारी के रूप में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल को नियुक्त किया गया है और उनके मार्गदर्शन में सभी आवश्यक तैयारी जिले में पूरी कर ली गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी के सामने प्रयासों से इस द्वितीय चरण को मिलकर निपटा जा सकेगा। पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन अपने स्तर पर पूरी तरह मुस्तैद है, और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए विभागीय अधिकारीयो को सभी आवश्यक निर्देश जारी किये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सदैव जनता के साथ है और रहेगा। कोरोना महामारी और किसी भी स्थिति से निपटने व आमजन के सहयोग हेतु चौबीस घंटे उनकी अधिकारी मुस्तैद हैं। इस कार्य में प्रशासन के साथ साथ सभी सामाजिक, धार्मिक संगठनों एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनो को भी सहयोग के लिए आगे आना होगा।। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान को बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन माइक्रो कैंप आयोजित करेगा। इस कार्य के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को आगे आना होगा और वह ऐसे स्थान चिन्हित करें जहां करीब 100 लोगों के लिए टीकाकरण का कार्यक्रम चलाया जा सके। इस अवसर पर आरएसएस की ओर से गंगा शंकर मिश्र, संजय अरोड़ा, भारत विकास परिषद की ओर से राजकुमार, सुरेंद्र जांगड़ा सहित लगभग 360 जनप्रतिनिधियों व कई अन्य लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मे प्रतिभागिता की।
