अरावली वन क्षेत्र में पार्किंग बनाए जाने का ग्रामीणों ने जताया विरोध
फरीदाबाद। प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से रैडक्रास से पर्ची कटवाकर एक पूर्व ईटीओ अधिकारी गांव पाली में पाली चौकी के पास अवैध पार्किंग बनाने का काम कर रहा है। बदमाशों की शह पर यहां पर काम करने का प्रयास किया जा रहा है और ग्रामीणों को भी हथियारों के बल पर धमकाते हैं। इस पार्किंग के खिलाफ शनिवार को पाली गांव के तमाम लोग एकत्रित हुए और जमकर पूर्व में ईटीओ अधिकारी रहे एवं पार्किंग का ठेका लेने वाले खुशाल मलिक के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप था कि खुशाल मलिक ने अपने कार्यकाल में भी जमकर लूट मचाई और रिटायरमेंट के बाद भी वह अपनी राजनीति एवं प्रशासनिक सांठगांठ का फायदा उठाकर यहां पार्किंग बनाना चाहता है, जिसे किसी भी कीमत पर बनने नहीं दिया जाएगा। पाली क्रेशर जोन के प्रधान धर्मबीर भड़ाना ने कहा कि खुशाल मलिक सैटिंग करके रैडक्रास से पर्ची कटवाकर यहां पर अवैध पार्किंग बनाना चाहता है, जिसे किसी भी कीमत पर बनने दिया जाएगा। भड़ाना ने कहा कि गांव पाली व नगर नगम विभाग का हाईकोर्ट में केस चल रहा है। ऐसे में प्रशासन किस प्रकार इस जमीन को पार्किंग के लिए अलॉट कर सकता है। सभी गांव के लोग इसके खिलाफ धरने पर बैठेंगे और किसी भी कीमत पर यहां पार्किंग नहीं बनने दी जाएगी। इसके खिलाफ वन विभाग एवं बिजली विभाग को शिकायत की गई है। इन्होंने अवैध तरीके से बिजली का कनैक्शन डायरेक्ट लिया हुआ है। वन विभाग की जमीन पर बिना किसी परमिशन के यहां पेड काट दिए गए । इनके खिलाफ वन विभाग में भी शिकायत दी जाएगी और सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग की जाएगी। पूर्व में ट्रांसपोर्ट अधिकारी रहे खुशाल मलिक की इंकम टैक्स विभाग से जांच कराई। यह अथाह संपत्ति का मालिक है और अपने कार्यकाल में इन्होंने फरीदाबाद को जमकर लूटा है। अधिकारी के चोले में यह बदमाश था और आज रिटायर होने के बाद पुन: अपने प्रशासनिक रसूखों का इस्तेमाल कर यहां पर पार्किग बनाकर लोगों की जेबो पर डाका डालना चाहता है। क्रेशर जोन के प्रधान श्री भड़ाना ने कहा कि एक तरफ सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार जंगल को जंगल ही रहने के आदेशों की प्रशासन अनुपालना करवा रहा है, वहीं दूसरी तरफ ऐसे किसी प्राइवेट आदमी को ठेका देकर पहाड़ में पार्किंग बनाई जा रही है। जिसके नाम पर जंगल को उजाडने का प्रयास किया जा रहा है, पेड़ों की कटाई की जा रही है। जिसको किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर गांव पाली के रघबर प्रधान, सूका ठेकेदार, श्यामबीर, विनोद, संजय, प्रकाश पंडित, मनोज, जयकिशन, वेद प्रकाश, अशोक त्यागी, जसबीर चेयरमैन, सच्चे, होशियार, कविराज भड़ाना, देशराज, महेश भड़ाना, जग्गी भड़ाना, महेन्द्र, अशोक भड़ाना, कृष्णपाल एव जसवंत ठेकेदार आदि मौजूद रहे।
