हिन्दू साम्राज्य दिवस ; हिंदुत्व दर्शन के बल पर ही भारत विश्व का नेतृत्व कर सकता है
फरीदाबाद – 24 जून। हिंदुत्व दर्शन के बल पर ही भारत विश्व का नेतृत्व कर सकता है। सामाजिक समरसता गरीब एवं वंचित वर्ग के महानायक के रूप में छत्रपति शिवाजी महाराज को हमेशा याद किया जाता रहेगा। उपरोक्त वक्तव्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख श्रीमान गंगा शंकर मिश्र ने अपने उद्बोधन में दिए।
सेक्टर 12 जिला अदालत परिसर में अधिवक्ता परिषद फरीदाबाद द्वारा हिंदुत्व साम्राज्य दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता अधिवक्ता परिषद के संरक्षक गोपाल दत्त शर्मा एवं आत्म प्रकाश सेतिया  ने की। मुख्यवक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख श्रीमान गंगा शंकर ने अपना उद्बोधन दिया। विशिष्ठ अतिथि के रूप में महानगर कार्यवाह राजेश माहेश्वरी एवं जिला बार एसोसिएशन के महासचिव नरेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए श्रीमान गंगा शंकर मिश्र ने कहा कि हिंदुत्व दर्शन के बल पर ही भारत विश्व का नेतृत्व कर सकता है। सामाजिक समरसता गरीब एवं वंचित वर्ग के महानायक के रूप में छत्रपति शिवाजी महाराज को हमेशा याद किया जाता रहेगा। उन्होंने एक ऐसे हिन्दू साम्राज्य की स्थापना की जिसमें सभी वर्गों को बिना किसी भेदभाव के न्याय दिया जा सके तथा उनके जीवन उपयोगी आधार स्तम्भों के मानक शासन के द्वारा तय किए जा सके।
खंडित कर यवनों का शासन, खंडित कर पापी सिंहासन।
भारत को करने एक -सूत्र, गो-ब्राह्मण का करने पालन।
गरजा शिव सरजा का साहस, पावन हिन्दू साम्राज्य दिवस…
शिवराज नेत्रपति के पीछे, भारत की तरुणाई जागी।
इस अरुण-ध्वजा के नीचे आ वीरों की अरुणाई जागी।
जागा था हिन्दू तज आलस, पावन हिन्दू साम्राज्य दिवस…
इन पंक्तियों के साथ अपना उद्बोधन पूर्ण किया।
श्री गोपाल दत्त शर्मा ने अधिवक्ता परिषद का इतिहास एवं वर्तमान परिदृश्य में अधिवक्ता वर्ग की भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अधिवक्ता परिषद फरीदाबाद की नई कार्यकारिणी गठित की गई। परिषद के जिलाध्यक्ष रविंद्र गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन परिषद जिला मंत्री पुरुषोत्तम भारद्वाज एवं मुकेश वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर फरीदाबाद सह महानगर कार्यवाह गोविंद अग्रवाल, संतोष वत्स, ऋषि पाल शर्मा, राजकुमार शर्मा, बार के उप प्रधान राजकुमार तंवर, देवेंद्र खरब, कृपाराम, महिला प्रमुख विरेश डागर, युवा प्रमुख योगेश दत्त शर्मा, अध्ययन केंद्र प्रमुख दीपक बक्शी सहित परिषद की पूरी कार्यकारिणी उपस्थित रही।