जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव का धूमधाम से हुआ रंगारंग आगाज
फरीदाबाद। विधायक नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि विश्व में सबसे बड़ा अध्यात्मिक ज्ञान का ग्रन्थ श्रीमद्भागवत गीता है। यह हर मनुष्य कठिन से कठिन परिस्थितियों में गीता ग्रन्थ जीवन जीने की राह दिखाती है। अगर हम गीता के संदेशों को अपने दैनिक जीवन में शामिल कर लें तो यह हमें बेहतरी की ओर लेकर जाती है। विधायक नरेंद्र गुप्ता शुक्रवार को सेक्टर-12 कन्वेंशन सेंटर में आयोजित जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ यज्ञ हवन के साथ किया गया। इसके बाद उन्होंने गीता प्रदर्शनी व विभिन्न विभागों व सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टालों का उद्घाटन कर अवलोकन भी किया। विधायक नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मंत्री नरेन्द्र मोदी के आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रदेश भर में अन्तर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव जिला स्तर पर मनाए जा रहे है। उन्होंने आयोजन के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि श्रीमद्भगवतगीता ग्रंथ विश्व का सबसे बड़ा आधुनिक मनुष्य जीवन शैली पर आधारित ग्रंथ है। इस ग्रंथ के विचारों को आमजन तक पहुंचाने के लिए सरकार सराहनीय कदम उठा रही है। विश्व में श्रीमद्भगवतगीता का पहला संदेश भगवान गुरु श्री कृष्ण ने अपने शिष्य अर्जुन को गीता ग्रंथ के 18 अध्याय और 700 श्लोकों में मनुष्य के आधुनिकतम जीवन का पूरा वर्णन किया गया है। यह मानव जीवन को स्वच्छ बनाकर निष्काम भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। जिला स्तरीय अन्तर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में अध्यक्षता कर रहे पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता मनुष्य के जीवन की समस्याओं के समाधान का निचोड़ है। श्रीमद्भागवत गीता ग्रन्थ में मनुष्य के आधुनिक जीवन में आने वाली हर समस्या के समाधान का रास्ता मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर व्यक्ति को श्रीमद्भगवद्गीता ग्रन्थ के सार का पूरा ज्ञान हो और उस ज्ञान को अपने जीवन में ढाल कर समाज के लिए काम करें। उन्होंने दैनिक जीवन में काम आने वाले श्रीमद्भागवत गीता के विभिन्न संदेशों का वर्णन करते हुए कहा कि जब भी जीवन में तनाव हो उसी समय हमें गीता के बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सफल बनाना होगा। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत गीता हमें जीवन जीने की राह बताता है।उन्होंने अभिनंदन करते हुए कहा कि दुनिया के सभी ग्रंथों की सच्चाई पर कोई शंका नहीं है। परंतु श्रीमद भगवत गीता ग्रंथ एक मात्र ऐसी रचना है जिसमें मनुष्य के जीवन दर्शन का पूरा वर्णन किया गया है कि किस प्रकार मनुष्य विवेक के साथ अपना जीवन जी सके। जिला प्रशासन की तरफ से अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में डीसी विक्रम सिंह, जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव की नोडल अधिकारी व अतिरिक्त उपायुक्त एडीसी अपराजिता ने जिला स्तरीय अन्तर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में आए हुए सभी मेहमानों का तहे दिल से स्वागत किया। सरस्वती वंदना के साथ जिला स्तरीय अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि और अन्य मेहमानों को स्मृति चिन्ह देकर भी सम्मानित किया गया।
