भारतीय रैड क्रॉस सोसाइटी की हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के सौजन्य से जिला रैड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के अध्यक्ष एवं उपायुक्त श्री विक्रम सिंह के निर्देशानुसार सचिव बिजेंद्र सौरोत के मार्गदर्शन में राजकीय आदर्श सीनियर सेकंडरी विद्यालय सराय ख्वाजा फरीदाबाद में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में पाँच दिवसीय जिला जूनियर रैड क्रॉस प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के जूनियर रेडक्रॉस सदस्यों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सचिव बिजेंद्र सिंह सोरोत और प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा उपस्थित रहे। कैंप डायरेक्टर इशांक कौशिक ने कैंप रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा सभी सदस्य वालंटियर्स से रेडक्रॉस के कार्यों में आगे बढ़ कर सहयोग करने की अपील की। सचिव बिजेंद्र सिंह ने सभी से रेडक्रॉस के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए रक्तदान, ट्रैफिक रूल्स, आपदा प्रबंधन सहित नशा मुक्ति आदि के कार्यों में जुड़ने का आह्वान किया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने अपने संबोधन में कहा कि रेडक्रॉस प्रारंभ से ही सात उद्देश्यों मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, एकता, स्वाधीनता, स्वैच्छिक सेवा एवम सार्वभौमिकता के रथ के रूप में सेवा कार्यों में तत्पर है। प्राथमिक तौर पर इस संस्था की स्थापना 1863 में युद्ध मे घायल सैनिकों की सहायता के लिए की गई थी। धीरे धीरे इस संस्था को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा तथा प्रोत्साहन मिला जिससे इनके मुख्य उद्देश्यों में भी वृद्धि हो गई। युद्ध, अकाल, बाढ़ आदि आपदाओं में घिरे लोगों की सहायता करना, आवश्यकता में पड़े व्यक्तियों को खाना पहुँचाना,
विपरीत परिस्थियों में लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा, निःशुल्क रहने की व्यवस्था करना, सरकार की सहायता कर रेस्क्यू अभियान चलाना, मानवीय कारणों के सिद्धांतों और आदर्शों का प्रचार प्रसार करना आदि में अग्रणी भूमिका निभा रही है। आज शिविर के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं सामूहिक नृत्य, पेंटिंग और भाषण में विजेता रही सराय ख्वाजा जूनियर रेडक्रॉस के सदस्यों और काउंसलर प्राध्यापिका गीता और रणदीप सिंह को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथियों बिजेंद्र सिंह और रविंद्र कुमार मनचंदा ने सेक्टर 21 डी, गर्ल्स स्कूल बल्लभगढ़ और सेक्टर 22 फरीदाबाद सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया। जिला रैड क्रॉस द्वारा शिविर के सफल आयोजन के लिए सराय ख्वाजा विद्यालय की टीम, अध्यापकों और प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कैंप डायरेक्टर इशांक कौशिक और पुरुषोत्तम को भी सफल आयोजन के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सभी रिसोर्स पर्सन्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पी सी गौड़, गीता उत्प्रेती, अरविंद शर्मा तथा रेडक्रॉस के अन्य पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
