मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को प्रेस दिवस की दी शुभकामनाएं

Faridabad: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मीडिया जगत से जुड़े सभी लोगों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
प्रेस दिवस की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ कहा जाता है। सरकार के कार्यों एवं जन कल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका होती है। सूचना प्रौद्योगिकी के आज के युग में मीडिया का कार्य आसान तो हुआ है। परंतु फिर भी एक संवाददाता को तथ्यों की पुष्टि किए बिना अपना समाचार जारी नहीं करना चाहिए। क्योंकि आज के युग में क्षण भर में सोशल मीडिया पर सूचनाओं का आदान- प्रदान हो जाता है, इसलिए सावधानी भी उतनी ही जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1956 में पहले प्रेस आयोग की स्थापना की गई थी। सभी मीडियाकर्मी भारतीय प्रेस परिषद के तय नियमानुसार कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मीडियाकर्मी विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी जान जोखिम में डालकर पल-पल की खबर जनता तक पहुंचाते हैं। समाज में हमेशा से ही मीडियाकर्मियों के प्रति विशेष आदर व सम्मान रहा है। हरियाणा सरकार ने भी पत्रकार कल्याण की स्थापना की है। इसके अलावा वरिष्ठ मीडियाकर्मियों के लिए मासिक पेंशन, जीवन बीमा सहित अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त करते हुए कहा है कि मीडिया ऐसे ही उत्साह व निष्पक्षता के साथ देश-प्रदेश की जनता को जागरूक करने का काम करता रहेगा।