हरेन्द्र नागर ने सैंकडों साथियों से थामा आप पार्टी का दामन

देश में चल रही है आप की सुनामी : सहीराम पहलवान
फरीदाबाद, 4 अप्रैल : एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नं.7 से हरेन्द्र नागर ने अपने सैंकड़ों साथियों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थामा। दिल्ली तुगलकाबाद से विधायक सहीराम पहलवान एवं आप पार्टी जिलाध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना ने सभी साथियों को टोपी पहनाकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते विधायक सहीराम पहलवान ने कहा कि आप की सुनामी चल चुकी है और अब यह रुकने का नाम नहीं लेगी। पंजाब में जीत के बाद कार्यकर्ताओं में डबल जोश है और अब हरियाणा विजय की ओर पार्टी का अभियान चल चुका है। पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता एवं नीतियों से प्रभावित होकर आज प्रदेश का हर वर्ग पार्टी से जुडऩे को आतुर है। सहीराम पहलवान ने फरीदाबाद नगर निगम चुनावों के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं के जोश एवं उत्साह की जमकर तारीफ की और कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता नि:स्वार्थ भाव से पार्टी को मजबूती प्रदान करने का काम कर रहा है। महंगाई को लेकर सहीराम पहलवान ने देश एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर ठीकरा फोड़ा और कहा कि पहले से लुटी-पिटी जनता की कमर तोडऩे का काम भाजपा सरकार कर रही है। एक तरफ अडानी-अम्बानी को करों में माफी दी जा रही है, दूसरी तरफ आम जनता का खून चूसा जा रहा है। आज सीएनजी, पीएनजी, पैट्रोल, डीजल एवं घरेलू वस्तुओं के रेट आसमान छू रहे हैं। ऐसे में आम आदमी एवं गरीब तबके का जीना मुहाल हो चुका है। जनता इसका हिसाब जल्द चुकता करेगी। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना ने कहा कि आम आदमी पार्टी स्वच्छ राजनीति में विश्वास करती है। लोगों ने काम को देखते हुए ही दिल्ली में पार्टी को दोबारा मौका दिया और उसके बाद अब पंजाब में पार्टी को जीत दिलाई। वहीं, दूसरी तरफ हरियाणा की भाजपा सरकार आकंठ तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री हमारा ही नारा चुराते हुए कहते हैं भ्रष्टाचार का काल मनोहरलाल। ऐसे में आप समझ सकते हैं जब मनोहर लाल भ्रष्टाचार का काल होंगे, तो कैसे भ्रष्टाचार रुक सकता है। भड़ाना ने आरोप लगाया हरियाणा की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को रोकने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। प्रदेश सरकार में शामिल मंत्रियों एवं नेताओं की शह पर अधिकारी करोड़ों रुपए कमा रहे हैं और प्रदेश के ईमानदार मुख्यमंत्री इस डर से कार्यवाही नहीं करते, कहीं उनकी ईमानदार पार्टी की छवि खराब न हो जाए। फरीदाबाद नगर निगम में 400 करोड़ का घपला, राजस्व विभाग में खुली लूट, एक्साईज विभाग में बड़ी बेईमानी के बाद एचपीएससी के अधिकारियों से करोड़ों रुपए की बरामदगी, सीएम सिटी में तैनात तहसीलदार 5 लाख रुपए की रिश्वत लेेते पकड़ा जाता है। बावजूद, इसके मुख्यमंत्री खट्टर हुकार भरते हुए नहीं थकते। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही को लेकर खट्टर सरकार केवल जांच के नाम पर प्रदेश की जनता को बेवकूफ बनाने का काम कर रही है। इस मौके पर महिला आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव भीम यादव, रघुवर दयाल, राकेश प्रसाद, संदीप, आभाष चंदीला, राकेश भड़ाना एवं फूल महेश आदि मौजूद रहे।