सर्वप्रिय भारत /फरीदाबाद/ सेक्टर 86 स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आई एम टी) में भारत की G20 अध्यक्षता: “एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य” विकसित करने के लिए भूमिका समाधान एवं चुनौतियाँ विषय और माननीय प्रधान मंत्री के विचारों को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन अध्ययन और अनुसंधान संस्थान(IMSAR) रोहतक तथा इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वाधान में दो दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। शहर के सुप्रसिद्ध उद्योगपति प्रदीप मोहंती उद्घाटन सत्र के तथा महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय रोहतक के कुलपति प्रोफेसर राजबीर सिंह समापन सत्र के मुख्य अतिथि थे। संस्थान के निदेशक डॉ. रवि हान्डा ने अतिथियों का गुलदस्ता, शाल तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत व सम्मान किया।
डॉ. रवि हान्डा ने प्रबंधन अध्ययन और अनुसंधान संस्थान(IMSAR) तथा महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय रोहतक का विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किए। इस अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में देश विदेश से लगभग 200 विद्वानों ने हरित विकास के लिए रणनीतियाँ, तकनीकी तथा डिजिटल परिवर्तन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिलाओं के नेतृत्व में विकास सहित विभिन्न विषयों पर अपने-अपने शोध पत्र तथा शोध आधारित विचार प्रस्तुत किए। डॉ. हान्डा ने कहा कि इस ऐतिहासिक सम्मेलन से 21वीं सदी के लिए बहुपक्षीय संस्थानों को तैयार करना, खाद्य, ईंधन और उर्वरक पर ध्यान केंद्रित करना, महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास, हरित विकास, जलवायु वित्त और जीवन शैली सहित व्यापक विषयों पर शोध एवं चर्चा से एक बेहतर विश्व के निर्माण की दिशा में भारत को विश्व गुरु बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर प्रबंधन अध्ययन और अनुसंधान संस्थान(IMSAR) के निदेशक प्रोफेसर सत्यवान वरोदा, प्रोफेसर प्रदीप अहलावत, सम्मेलन संयोजिका प्रोफेसर पारुल खन्ना तथा समन्वय एवं सलाहकार समिति के सदस्य प्रोफेसर आर एन सिंह, डॉ. मीनू ढेम्बला, डॉ. पुनम नागर, उर्विजा रैना तथा रश्मिन कौर सहित सैकड़ो विद्वान विशेष रूप से उपस्थित हुए।
Next Post
