फरीदाबाद, 11 अगस्त। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एकॉर्ड अस्पताल के वरिष्ठ पल्मोनॉजिस्ट डॉ. रोहित मुखर्जी की टीम ने एक महिला फेफड़े का जटिल ऑपरेशन कर लगभग 2 सेंटीमीटर का मेटल पार्ट निकाला है। ऑपरेशन के बाद महिला अब पूरी तरह स्वस्थ है। इस सफल ऑपरेशन के लिए अस्पताल चेयरमैन डॉ. प्रबल रॉय ने टीम को बधाई दी।
वरिष्ठ पल्मोनॉजिस्ट डॉ. रोहित मुखर्जी ने बताया कि
ग्रेटर फरीदाबाद निवासी 55 वर्षीय जगदम्बा पिल्लई पिछले कुछ दिनों से दांत में दर्द की समस्या से जूझ रही थी। दो सप्ताह पहले उन्होंने दांत के डॉक्टर से अपना डेंटल प्रोसिजर कराया। प्रोसिजर के दौरान डॉक्टर ने मेटलिक पार्ट (लोहे का टुकड़ा) मुंह में छोड़ दिया, जो सांस लेने पर राइट साइड के फेफड़े में जाकर फंस गया।
यह मेटल पार्ट आगे से नुकीला था। इससे फेफड़े फटने का डर, जानलेवा ब्लीडिंग, फेफड़ों में हवा भर जाने और फेफड़े बंद होने का खतरा बढ़ गया था। इससे महिला की जान भी जा सकती थी। डेंटल प्रोसिजर के बाद महिला को सांस लेने में दिक्कत शुरू हो गई। फेफड़ों में दर्द काफी बढ़ गया। उन्होंने शहर के कई बड़े अस्पतालों में दिखाया। सभी जगह से उन्हें निराशा हाथ लगी। दूसरी तरफ तकलीफ बढ़ती जा रही थी। अंत में वह एकोर्ड अस्पताल पहुंची। प्राथमिक जांच में बीमारी का पता नहीं चला। डॉ. रोहित ने बताया कि अन्य जांच में जगदम्बा के फेफड़े में मेटल का पार्ट फंसे होने की पुष्टि हुई। यह लोहे का पार्ट 2.3 सेंटीमीटर का था। इसके बाद आईसीयू डिपार्टमेंट प्रमुख डॉ. संदीप भट्टाचार्य, डॉ. अशोक के साथ मिल उन्होंने महिला का दूरबीन से ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान सबसे बड़ी समस्या यह आई की मेटल की नुकीला टुकड़ा पकड़ में नहीं आ रहा था। बार बार छूट जाता था। लगभग एक घंटा चले ऑपरेशन के बाद पार्ट को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल दिया और सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया। डॉ. रोहित ने बताया कि दूरबीन द्वारा ऑपरेशन में ब्लड की जरूरत बेहद कम पड़ती है। मरीज जल्दी ठीक हो जाता है। अस्पताल से भी अगले दिन छुट्टी मिल जाती है। ऑपरेशन के बाद महिला अब पूरी तरह स्वस्थ है।
