डॉ इंदु तनेजा, डायरेक्टर एवं एचओडी – ऑब्सटैट्रिशियन एवं लैपरोस्कोपिक गाइनीकोलॉजिस्ट, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल, फरीदाबाद ने बताया, ”सर्वाइकल कैंसर (गर्भ ग्रीवा का कैंसर) से बचाव संभव है और इसका उपचार भी हो सकता है बशर्ते जल्द से जल्द इसका पता चल जाए और फिर सही तरीके से इलाज किया जाए। यह एकमात्र ऐसा कैंसर है जिससे बचाव की वैक्सीन उपलब्ध है और नियमित जांच कराते रहने से इस कैंसर से बचा जा सकता है। लेकिन सर्वाइकल कैंसर का बोझ लगातार बढ़ रहा है क्योंकि सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर पर नियमित जांच तथा समय पर उपचार के अवसर काफी सीमित हैं। शुरुआती स्तर पर, सर्वाइकल कैंसर के निदान के लिए 21 से 65 वर्ष की उम्र की सभी महिलाओं को प्रत्येक 3 साल पर नियमित आधार पर पैप स्मीयर जांच करवानी चाहिए ताकि गर्भ ग्रीवा की कोशिकाओं में ऐसे किसी भी बदलाव को तुरंत पकड़ा जा सके जो कैंसरकारी साबित हो सकता है। सर्वाइकल कैंसर तथा जननांगों में मस्सों (वार्ट्स) पैदा करने वाले वायरल स्ट्रेन्स से बचाव के लिए ह्यूमैन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीन भी उपलब्ध है। 9 से 26 वर्ष के दौरान युवतियों को यह वैक्सीन लेने की सलाह दी जाती है। इसके अलावा, सुरक्षित यौन व्यवहार, कंडोम का इस्तेमाल, यौन साथियों की सीमित संख्या तथा धूम्रपान छोड़ने से एचपीवी संक्रमण और गर्भ ग्रीवा के कैंसर के खतरों से काफी हद तक बचा जा सकता है।”
