अधिवक्ता परिषद फरीदाबाद द्वारा आयोजन में महिला एवं पुरुष अधिवक्ता गण हुए शामिल
फरीदाबाद – 02 फरवरी। लायर्स चेम्बर बिल्डिंग में 75 करोड़ सूर्य नमस्कार महोत्सव बड़ी धूम धाम से सम्पन्न हुआ जिसमें बड़ी मात्रा में पुरुष एवं महिला अधिवक्ताओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। इस कार्यक्रम का भारत माता पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। जिसका अधिवक्ता परिषद के संरक्षक गोपाल दत्त शर्मा, आत्म प्रकाश सेतिया, बार एसोसिएशन के प्रधान के.पी तेवतिया एवं राज कुमार शर्मा वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा नेता व अन्य पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर बोलते हुए जिला अध्यक्ष अधिवक्ता परिषद रविंद्र गुप्ता ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में पूरे भारतवर्ष में अमृत महोत्सव कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। सूर्य नमस्कार करने से व्यक्ति के मन मस्तिष्क के विकार दूर होते हैं और योग सभी को परस्पर जोड़ने की प्रेरणा देता है जिससे हमारी राष्ट्रीय एकता मजबूत होती है।
