फरीदाबाद, 2 फरवरी। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की इकाई इलेक्ट्रीशियन यूनियन नगर निगम फरीदाबाद का चुनाव आज स्थानीय निगम सभागार के प्रांगण में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य उपाध्यक्ष कमला सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता सुरेश देवी, धर्म सिंह मुल्ला, मनोज बालगुहेर की देख रेख संघ व जिला सचिव नानक चंद खैरालिया की अध्यक्षता में सर्वसम्मति से संपन्न हुए चुनाव में मनोज कुमार को प्रधान, ईश्वर चंद को सचिव तथा ज्ञान चंद को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा कौशल शर्मा को वरिष्ठ उपप्रधान, सुखबीर को उप प्रधान, सूरज प्रकाश को संगठनकर्ता तथा महेंद्र सिंह, कप्तान सिंह, विशाल, यादराम, नानक चंद, प्रेम रतन व प्रदीप कुमार को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। चुनाव के बाद नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने चुने गए पदाधिकारियों को गोपनीयता, ईमानदारी व निष्ठा के साथ कर्मचारी हित में काम करने की शपथ ग्रहण करवाई।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि किसी भी संस्था के चुनाव करवाने से संस्था का सांगठनिक ढांचा मजबूत होता है और उनके मुद्दों को मजबूती से सरकारों के समक्ष उठाने के लिए मजबूत विकल्प मिलता है। श्री शास्त्री ने कहा कि नगर निगम फरीदाबाद में संघ का सदस्यता अभियान और चुनावी कार्यक्रम तेजी से चल रहा है। कल 3 फरवरी को बेलदार यूनियन का चुनाव भी करवाया जाएगा और इसके बाद वाटर सप्लाई कार्यालय व अन्य टीमों के चुनाव संपन्न करवा कर जिला कमेटी का चुनाव करवाया जाएगा। जिला सचिव नानक चंद खैरालिया ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के सभी कार्यक्रमों में नगर निगम फरीदाबाद के कर्मचारी बढ़-चढकर हिस्सा लेंगे।
