जेसी बोस विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र मिलन समारोह में पहुंचं मुख्यमंत्री
फरीदाबाद, 24 अक्टूबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों को आत्मनिर्भर बनाने में पूर्व छात्रों से योगदान देने के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि पूर्व छात्र अपने संस्थानों को अपनाये और विश्वविद्यालय के सरकारी अनुदान को शून्य तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित करें। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार देर सायं जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद में ‘पूर्व छात्र मिलन समारोह’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय में लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दीनदयाल उपाध्याय ज्ञान संसाधन केन्द्र की आधारशिला रखी। यह केन्द्र विश्वविद्यालय में विभिन्न विद्याओं के ज्ञान संसाधन का प्रमुख केन्द्र होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में स्थापित महान भारतीय वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। जे.सी. बोस के नाम पर विश्वविद्यालय का नामकरण वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों के साथ संवाद भी किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. दिनेश कुमार ने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय की विकास गतिविधियों एवं भावी परियोजनाओं से अवगत करवाया, जिसमें फरीदाबाद-गुरूग्राम सडक़ मार्ग पर बनने वाले विश्वविद्यालय के दूसरे परिसर की परियोजना भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के दूसरे परिसर की परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव भी दिये। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय को गुरुकुल पद्वति को अपनाना होगा। भारतीय शिक्षण पद्वति में गुरुकुल आत्मनिर्भर रहे है। गुरुकुल अपने संसाधन गुरू दक्षिणा के माध्यम से जुटाते थे। इसी प्रकार, विश्वविद्यालयों को वित्तीय संसाधन जुटाने के लिए पूर्व छात्रों की भूमिका को सक्रिय बनाना होगा। पूर्व छात्रों को शिक्षण संस्थान की पूंजी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों को एक अलग एलुमनाई सेल बनाना चाहिए और पहले बैच से लेकर अब तक का डेटाबेस बनाना चाहिए। विश्वविद्यालय एवं पूर्व छात्रों के बीच संवाद को बढ़ावा दिया जाना चाहिए ताकि पूर्व छात्रों में संस्थान के विकास में योगदान देने का भाव उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि यदि सभी विश्वविद्यालय ऐसा करने में सफल होते है तो जल्द ही सभी विश्वविद्यालय सरकारी अनुदान से पूर्ण या आंशिक रूप से मुक्त हो जायेंगे। इस मौके पर केन्द्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने औद्योगिक विकास में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के पूर्व छात्र सफल उद्यमी के रूप में उत्पादन, रोजगार एवं राजस्व देकर देश की तरक्की में भागीदार है। समारोह के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व छात्र एवं प्रतिष्ठित उद्यमियों से विश्वविद्यालय में अनुसंधान एवं विकास और नवाचार सुविधाओं में निवेश करने के लिए आह्वान किया गया। कुलपति प्रो. दिनेश कुमार द्वारा किये गये आह्वान पर मौजूद पूर्व छात्रों एवं उद्यमियों ने विश्वविद्यालय को एक करोड़ रुपये की राशि का अंशदान दिया तथा चरणबद्ध से करने पांच करोड़ रुपये की राशि का योगदान देने का विश्वास दिलाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जे.सी. बोस हरियाणा स्टार्ट-अप प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। विश्वविद्यालय के इंक्यूबेशन फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता जगदीश चन्द्र बोस की जयंती 30 नवम्बर तक चलेगी, जिसमें विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के लिए 10 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के लिए पांच लाख रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के लिए तीन लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जायेगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक श्रीमती सीमा त्रिखा, विधायक नरेन्द्र गुप्ता, विधायक विधायक राजेश नागर, नयनपाल रावत, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव अजय गौड़ और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Next Post
