गांव अरूआ में होने वाली तोडफ़ोड़ की कारवाई टल जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन द्वारा शामलात देह व तोसी आबादी जमीन पर बने अवैध निर्माणों को आज हटाया जाना था जिसकों लेकर सुबह से ही सभी ग्रामीण गांव में ही बने सचिवालय में इकठठा होना शुरू हो गए थे। कुछ देर बाद पता चला कि फिलहाल तोडफ़ोड़ की कारवाई को टाल दिया गया है। इससे ग्रामीणों के मुरझाए हुए चेहरे खिल गए और उन्होनें इसके लिए माननीय मंत्री चौ.कृष्णपाल गुर्जर को धन्यवाद कहा जिन्होनें जनभावनाओं का आदर करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों से कारवाई को टालने का आग्रह किया था। ग्रामीण विजयपाल भारद्वाज ने बताया कि बीते बुधवार को हम सभी माननीय मंत्री चो. कृष्णपाल गुर्जर से दिल्ली स्थित उनके कार्यालय पर मिले थे और बताया था कि यह हमारे बुजुर्गो की छोड़ी गई शामलात देह व तोसी आबादी जमीन है। मंत्री जी ने आश्वासन दिया था कि वह प्रशासनिक अधिकारियों से बात करेगें की तोडफ़ोड़ ना की जाए और इन्हें पॉलिसी के तहत गांव में ही बसाया जाए। जिसका नतीजा यह हुआ कि आज तोडफ़ोड़ की कारवाई टाल दी गई। विजयपाल भारद्वाज ने बताया कि हमारा गांव लगभग 200 साल पुराना बसा हुआ है। सन 1924 यमुना नदी के कटाव के कारण लाल डोरा लग खत्म हो गया जिससे गांव की आबादी पश्चिमी दिशा की तरफ बसने लगी। हमारे बुजुर्गो को इस बात का ज्ञान नहीं था और वह इसे रेवेन्यू रिकार्ड में दर्ज नहीं करा पाए जिस कारण एसडीएम अदालत के आदेश पर आज गांव में तोडफ़ोड़ होनी थी। उन्होनें कहा कि पूरा गांव माननीय मंत्री चौ. कृष्णपाल गुर्जर जी का धन्यवाद करता है जिन्होनें पॉलिसी के तहत बसाने का आश्वासन दिया और साथ ही साथ तोडफ़ोड़ की कारवाई से भी बचाया। विजयपाल भारद्वाज ने बताया कि जल्दी ही जिला उपायुक्त के पास अपील भी दायर की जाएगी ताकि भविष्य में गांव पर आने वाले किसी भी इस तरह के खतरे से गांव को बचाया जा सके। गांव के सरपंच देवेन्द्र गोयल ने बताया कि हमारे गांव का लाल डोरा यमुना में कट गया था उस कारण हमारी लगभग 95 प्रतिशत आबादी शामलात देह व तोसी आबादी देह में बसी हुई है। उन्होनें कहा कि यह लगभग काफी एकड़ जमीन है जोकि हमारे गांव वालों की ही है। उन्होनें कहा कि हम मंत्री जी का खासतौर पर धन्यवाद करते है जिन्होनें आज हमें इतनी बड़ी मुसीबत से बचाया है। इस अवसर पर सरपंच देवेन्द्र गोयल,विजयपाल भारद्वाज,सतबीर शर्मा,राजकुमार,देवी पंडित,जयचन्द नंबरदार,मुकेश भाटी,सुरेश शर्मा व सुभाष सहित सैकड़ो की तादाद में ग्रामीण मौजूद थे।
