स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय में मना शिक्षक दिवस
फरीदाबाद। हम सभी मनुष्य पैदा होते हैं लेकिन हमें मानव बनाने वाले शिक्षक अथवा गुरु कहलाते हैं। वास्तव में वह हमें ज्ञान देकर मनुष्य से मानव बनाते हैं। इसलिए उनका सदैव ही सम्मान करना चाहिए।
यह बात जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने आज स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद वेदांग संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित शिक्षक दिवस के अवसर पर कही। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आपके माता पिता ने आपको एक अच्छा मानव बनने के लिए यहां भेजा है। यहां पर शिक्षकों के जरिए हम भी आप लोगों पर अथक प्रयास कर रहे हैं। इसका अर्थ यही है कि आप अपने जीवन को सफल अवश्य बनाएं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी अपनी प्रस्तुतियां दीं और गुरुजनों के प्रति अपना आभार भी प्रकट किया। वहीं श्री गुरु महाराज जी ने सभी बच्चों और शिक्षकों को प्रसाद एवं आशीर्वाद प्रदान किया। गौरतलब है कि महाविद्यालय में शास्त्री तक पढ़ाई की व्यवस्था है, इसके साथ ही यहां पर सात वर्षीय वेद का पाठ्यक्रम भी कराया जाता है। वहीं उन्हें संस्कृत पाठ्यक्रम के साथ साथ कंप्यूटर और अंग्रेजी की भी पढ़ाई कराई जाती है। यह पूरी व्यवस्था निशुल्क है और विद्यार्थियों को रहने खाने आदि की समस्त व्यवस्था भी निशुल्क प्राप्त होती है।
