छात्र हत्या मामले में 7 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार करके भेजा जा चुका है जेल
फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने काफी समय से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी बदमाश बिजेंद्र उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ 2 महीने पहले फरीदाबाद के थाना एसजीएम नगर में हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था जिसके अंदर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ओल्ड फरीदाबाद के रहने वाले एमबीए की पढ़ाई कर रहे छात्र कविश को नशे की ओवरडोज देकर मौत के घाट उतार दिया था। 17 मई 2021 को मृतक कविश के पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने जल्द से जल्द अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए जिसके तहत क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने वैज्ञानिक पहलुओं तथा तथ्यों के आधार पर मात्र 2 दिन बाद हत्या में शामिल आरोपी दीपक उर्फ भगिना, राम, पिंटू उर्फ नहीम उर्फ मीढा और विशाल उर्फ सुन्ना को गिरफ्तार कर लिया। इसके पश्चात दिनांक 2 जून को हत्या में शामिल एक अन्य आरोपी तरुण तथा 9 जून को दो आरोपी भाइयों गौतम तथा राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में आरोपी लाला फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम ने लाला की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर दबिश दी परंतु लाला बार-बार बचता रहा परंतु आखिरकार क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने सफलता हासिल करते हुए कल रात लाला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लाला एक खतरनाक अपराधी है जो नशे का अवैध कारोबार करता है और उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, अवैध हथियार, नशा तस्करी सहित 18 मुकदमे दर्ज हैं जिसमें से 16 केस थाना मुजेसर के शामिल है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
