डिप्रेशन में आकर घर से लापता हुए 45 वर्षीय व्यक्ति को फरीदाबाद मिसिंग सेल ने वृंदावन से बरामद कर परिजनों को लौटाया

 

फरीदाबाद: पुलिस की मिसिंग पर्सन सेल ने डिप्रेशन की वजह से घर से लापता हुए 45 वर्षीय व्यक्ति को वृंदावन से बरामद करके उनके परिजनों तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।

लापता व्यक्ति के भाई ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसका 45 वर्षीय भाई कमल का लॉकडाउन की वजह से काम-धंधा ठप हो गया था जिसकी वजह से वह डिप्रेशन में चल रहा था।

इसी डिप्रेशन के चलते 2 दिन पहले वह बिना बताए घर से लापता हो गया। उसने बताया कि उन्होंने अपने भाई को ढूंढने की बहुत कोशिश की। अपने दोस्तों रिश्तेदारों हर जगह पूछताछ की परंतु उन्हें उसकी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई।

लापता व्यक्ति के भाई की शिकायत पर थाना सेक्टर 7 में गुमशुदगी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके कमल की तलाश शुरू कर दी गई।

कड़ी मशक्कत करते हुए पुलिस को तकनीकी माध्यम से कमल के वृंदावन में होने की सूचना प्राप्त हुई जिसपर तुरंत कार्रवाई करते हुए मिसिंग सेल व पुलिस चौकी सेक्टर 11 की टीम तुरंत वृंदावन के लिए रवाना हो गई।

वहां पहुंचकर बताए गए स्थान पर कमल की तलाश की गई और कुछ समय पश्चात ही उसको बरामद कर लिया गया जिसके पश्चात पुलिस टीम उसे फरीदाबाद ले आई।

लापता व्यक्ति कमल ने बताया कि उसे बिजनेस में बहुत घाटा हो गया था इसलिए वह मन की शांति के लिए बिना किसी को बताए वृंदावन चला गया था।

कमल के परिजनों ने उसे वापस पाकर पुलिस टीम द्वारा किए गए सराहनीय कार्य के लिए उन का तहे दिल से धन्यवाद किया।