नई दिल्ली: देश में कोरोना की दूसरी लहर थम चुकी है और नए मामलों में लगातार कमी आ रही है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में कोरोना से ठीक होने वालों की दर में बढ़ोतरी हुई है. रिकवरी रेट बढ़कर 90% हो गया है. नए मामलों के साथ मौत के आंकड़ों में भी कमी दर्ज हुई है. देशभर में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1.73 लाख नए केस दर्ज किए गए हैं, जबकि 3,617 लोगों की मौत हुई है.
अब तक देश में कुल 2,77,29,247 कोरोना केस सामने आ चुके हैं. वहीं बीते 24 घंटे में 3,617 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 3,22,512 हो गई है. इसी समय अवधि में 2,84,601 नए डिस्चार्ज के बाद कुल ठीक हो चुके लोगों का आंकड़ा 2,51,78,011 हो चुका है.
इससे पहले शुक्रवार (28 मई) को जारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर में 1.86 लाख नए मामले दर्ज हुए थे तब 3660 मरीजों की जान गई थी. वहीं 27 मई को 2 लाख से ज्यादा कोविड-19 के नए मामले सामने आए थे जबकि 3842 लोगों की मौत हुई थी. इसी तरह 26 मई को 2.08 लाख नए केस दर्ज किए गए थे और 4157 संक्रमितों की मौत हुई थी.
देशभर में 24 घंटे में 1.73 लाख नए केस
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health ministry data) के अनुसार, पिछले 24 घंटे में भारत में 1 लाख 73 हजार लोग कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित हुए है, जबकि इस दौरान 3,617 लोगों की जान गई. इसके बाद भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2,77,29,247 हो गई है, जबकि टोटल डेथ टोल करीब 3 लाख 22 हजार हो चुका है.
