मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहा अभूतपूर्व सुधार : सीमा त्रिखा

 

विधायक ने आरटीपीआर लैब का उद्घाटन करने पर जताया स्वास्थ्य मंत्री का आभार

फरीदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के कुशल नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार हो रहा है और प्रदेश सरकार कोरोना महामारी पर नियंत्रण में पाने के लिए बेहतरीन प्रयास कर रही है जिसके चलते कोरोना मामलों पर तेजी से अंकुश लगाया जा रहा है। इसके लिए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री दोनों बधाई के पात्र हैं। यह बात विधायक सीमा त्रिखा ने बीके अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा कोरोना की जांच हेतु आरटीपीसीआर लैब का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिय ऑनलाइन उदघाटन करने पर आभार व्यक्त करते हुए कही। विधायक सीमा त्रिखा ने कहा कि जिले में पहले कोरोना की जांच ईएसआई अस्पताल में होती थी जिससे रिपोर्ट में आने काफी समय लग रहा था अब बीके नागरिक अस्पताल में यह सुविधा मिल जाने से जिले के लोगों को भारी सहूलियत होगी और कोरोना रिपोर्ट भी जल्द मिल जाएंगी। इस लैब को शुरू कराने में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा की सराहनीय भूमिका रही। विधायक सीमा त्रिखा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व की दूरदर्शिता और अनुमान को लेकर बरती गई सतर्कता के सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं और फरीदाबाद जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश में कोरोना के मामले तेजी से घट रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि कोरोना मरीजों में देखे जा रहे ब्लैक फंगस के मामलों को देखते हुए एक कमेटी बनाई गई है। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि जिस तरह कोरोना पर काबू पाया गया है उसी तरह सरकार व प्रशासन ब्लैक फंगस मामलों पर भी जल्द अंकुश लगाने में सफल होगा। विधायक सीमा त्रिखा ने कहा कि नागरिक अस्पताल में करीब साढ़े तीन वर्ष पहले स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने हार्ट रोगियों के वार्ड का शुभारंभ किया था जहां बेहद न्यूनतम दामों पर रोगियों का ह्दय से संबंधित बीमारियों का इलाज व आपरेशन किए जाते हैं। सीमा त्रिखा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोविड प्रबंधन के लिए दिए गए मंत्र जहां बीमार-वहीं उपचार पर काम करते हुए प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कोविड मरीजों के लिए ऑक्सीजन की सुविधा के साथ साथ आवश्यक दवाएं, उपकरणों सहित अन्य संसाधनों में बढ़ोतरी की गई है। साथ ही 1310 गांवों में चौपालों, पंचायत घरों व सरकारी स्कूलों आदि सार्वजनिक स्थलों पर विकास एवं पंचायत विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर 18270 बेड क्षमतायुक्त विलेज आइसोलेशन सेंटर स्थापित किए। इन सेंटर्स पर थर्मामीटर, आक्सीमीटर, स्टीमर, बीपी चेक करने की मशीन, बेड व पंखे आदि का इंतजाम किया गया ताकि अपने घर के पास ही कोविड संक्रमित मरीज को आइसोलेशन की सुविधा स्वास्थ्यकर्मियों की देख-रेख में उपलब्ध हो सके, जिन मरीजों के घरों में आइसोलेशन की सुविधा नहीं है उनके लिए विलेज आइसोलेशन सेंटर मददगार साबित हो रहे हैं।