करोड़ों की ग्रांट से पृथला क्षेत्र में होंगे अभूतपूर्व विकास कार्य : नयनपाल रावत

मुख्यमंत्री द्वारा दी गई ग्रांट को लेकर विधायक ने गांवों के सरपंचों से लिए सुझाव
फरीदाबाद, 18 अप्रैल । हरियाणा भंडारण निगम के चेयरमैन एवं पृथला क्षेत्र के विधायक नयनपाल रावत ने कहा है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा दी गई करोड़ों रूपए की ग्रांट से पृथला क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की किसान समृद्ध योजना के तहत जहां गांवों में बारातघर, सामुदायिक केंद्र, श्मशान घाट, टूटे हुए रास्ते, टूटी हुई सडक़ें चाहे वह पीडब्ल्यूडी विभाग की है या फिर पंचायत की हो, सभी को जल्द नए सिरे से बनवाया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं का एस्टीमेट बनाकर भेजा जाएगा ताकि लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द निजात हो सके और विकास कार्य भी बेहतर तरीके से सम्पन्न हो सके। विधायक नयनपाल रावत ने रविवार को सेक्टर-15ए स्थित निवास पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए सरपंचों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विधायक नयनपाल रावत ने गांवों के सरपंचों से क्षेत्र के विकास पर चर्चा की और गहराई से विचार विमर्श किया तथा उनसे कहा कि उनके गांवों में जो-जो समस्याएं है, उसका एस्टीमेट बनाकर उन्हें दें ताकि उन समस्याओं का समाधान किया जा सके। श्री रावत कहा कि क्षेत्र का विकास करवाना उनकी पहली प्राथमिकता है और सभी गांवों में विकास कार्य समान रूप से हो, इसके लिए वह निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं ग्रामीण क्षेत्र में जो भी समस्याएं हैं चाहे वह सडक़ है या फिर पानी की परेशानी है उन सभी का जल्द ही समाधान किया जाएगा। किसान आंदोलन को लेकर विधायक नयनपाल रावत ने कहा कि जनहित में किसानों को अब धरना समाप्त कर देना चाहिए क्योंकि माननीय सुप्रीम कोर्ट और सरकार ने पहले ही इन कानूनों को डेढ़ साल के लिए होल्ड कर दिया है इसलिए उन्हें उम्मीद है कि अब जल्द ही यह मामला सुलझ जाएगा क्योंकि किसान भी धरने को लेकर काफी दिन से परेशान हैं और धरने की वजह से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। देश-प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण पर चिंता जताते हुए विधायक नयनपाल रावत ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर निरंतर जोर पकड़ती जा रही है, इसलिए किसान हो चाहे आम आदमी सभी को कोरोना वैक्सीनेशन अवश्य करवाना चाहिए। इस अवसर पर नरेश कुमार सरपंच जल्हाका, ओमवीर सरपंच आमरू, मुकेश कुमार हीरापुर, कृष्ण अमरपुर, राजेश कटेसरा, देवेंद्र हरफली, रमेश कौशिक जुन्हेडा, अमीर घाघोट, मोहम्मद रज्जाक सोफ्ता सहित अनेकों गणमान्य लोग मौजूद थे।