फरीदाबाद पुलिस ने किया 398 किलो 509 ग्राम नशीले एवं मादक पदार्थ नष्ट

फरीदाबाद, 06 मार्च । पुलिस महानिदेशक हरियाणा के आदेशानुसार फरीदाबाद पुलिस द्वारा विभिन्न केसों में बरामद मादक पदार्थ को पुलिस आयुक्त ओ पी सिंह की देखरेख में नष्ट किया गया। जिला फरीदाबाद में गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी के चेयरमैन पुलिस आयुक्त ओ पी सिंह व दोनों मेंबर पुलिस आयुक्त डॉक्टर अर्पित जैन, सहायक पुलिस आयुक्त सुमेर सिंह के साथ गवाह के तौर पर समाज के गणमान्य व्यक्तियों में जसाना गांव के सुंदर पुत्र भीमसिंह व सेक्टर 28 निवासी अरविंद पुत्र श्री ऋषिपाल की मौजूदगी में गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी तिगांव रोड गांव जसाना फरीदाबाद में विभिन्न थानों के 108 मुकदमों में बरामद मादक पदार्थों को अपनी देखरेख में फोटोग्राफी करवा कर सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया। पुलिस आयुक्त ओपी सिंह (कमेटी चेयरमेन) की अध्यक्षता में नष्ट किए गए विभिन्न थानों के 108 मुकदमों में बरामद मादक पदार्थ जिसमें गांजा वजन-215.790 किलोग्राम , भांग-113.860किलो, ब्राउन शुगर-3.980किलो,सुल्फा-2.832किलो, स्मैक -54.867 किलोग्राम, हीरोइन-220 ग्राम, चरस-6.96 किलोग्राम, इंजेक्शन-339, गोलियां-39, कैप्सूल-70086 आदि शामिल है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त सभी मादक पदार्थों को प्रक्रिया के तहत आग लगा कर नष्ट किया गया है। ओपी सिंह ने कहा की नशीले पदार्थ मनुष्य के शरीर के साथ-साथ उसको मानसिक रूप से भी अपाहिज बना देते हैं इसीलिए नागरिक नशे से दूर रहकर समाज कल्याण में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गलत संगत में पडक़र या शौकिया तौर पर नशे का सेवन शुरू करते हैं परंतु बाद में उन्हें इसकी लत लग जाती है जिसके पश्चात इसकी आदत छोडऩा बहुत मुश्किल हो जाता है इसीलिए पहले दिन से ही इससे दूर रहना चाहिए ताकि आपके आने वाले भविष्य को नशे से दूर रख कर उज्जवल बनाया जा सके। पुलिस आयुक्त ने बताया कि नशा बर्बादी का घर है और ऐसी गलियों से गुजरना बहुत खतरनाक साबित हो सकता है इसलिए ऐसी गलियों से बचें और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर जीवन रूपी हाईवे पर अपनी गाड़ी दौड़ाएं।