पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ महाभियोग का पहला ट्रायल शुरू, रिपब्लिकन के पक्ष में जा सकता है परिणाम
वाशिंगटन । अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग का ट्रायल शुरू हो गया है। हालांकि, जहां तक इसके परिणाम की बात है तो वो काफी कुछ रिपब्लिकन के पक्ष में जा सकता है। मंगलवार को सीनेट में महाभियोग का पहला ट्रायल शुरू करने के लिए हुई वोटिंग में 56 के मुकाबले 44 वोट पड़े, जिसे ट्रंप के वकील ने खारिज कर दिया।
डेमोक्रेट का मानना है कि इस प्रक्रिया के बाद ट्रंप को भविष्य के लिए अयोग्य करार दे दिया जाएगा। जिसके बाद वो फिर कभी कोई सार्वजनिक पद पर काबिज नहीं हो सकेंगे। लेकिन मंगलवर को जो बात सामने आई उसमें इसके लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। मंगलवार को हुई वोटिंग के दौरान छह रिपब्लिकन सांसदों ने डेमोक्रेट पार्टी का साथ देते हुए ट्रंप के खिलाफ महाभियोग का पहला ट्रायल शुरू करने के पक्ष में वोट डाला। आपको बता दें कि ट्रंप को किसी तरह की सजा सुनाने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।
आपको बता दें कि ट्रंप के ऊपर दूसरी बार महाभियोग चलाया जा रहा है। यहां पर उनका प्रतिनिधित्व वकील ब्रूस एल कैस्टर और डेविड स्कोन कर रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में ट्रायल ब्रिफ भी दायर की है जिसमें उन्होंने महाभियोग की प्रक्रिया को गलत बताते हुए उनके द्वारा दी गई स्पीच को उनका अधिकार बताया है। आपको बता दें कि 6 जनवरी को उन्होंने अपने समर्थकों को संबोधित था। इसके बाद उनके समर्थकों ने केपिटल बिल्डिंग में घुसकर जबरदस्त हिंसा मचाई थी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी जबकि कई अन्य घायल हो गए थे।
