अध्यापकों की कमी से नाराज छात्र-छात्राओं पर सडक़ पर लगाया जाम

स्कूल पर जड़ा ताला, निवर्तमान पार्षद व एसडीएम के बीच हुई तू-तू-मैं-मैं
फरीदाबाद। अध्यापकों की कमी से नाराज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को सराय ख्वाजा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। रोड जाम लगाने से बदरपुर बॉर्डर से लेकर सराय ख्वाजा टोल प्लाजा तक वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारें लग गई। सरकारी स्कूल पर ताला जडक़र स्कूली बच्चे सडक़ के दोनों ओर भारी तादाद में एकत्रित हो गए। मामले की सूचना मिलते ही थाना सराय ख्वाजा एसएचओ सहित एसीपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने में जुट गए। मामले की सूचना मिलते ही निवर्तमान पार्षद बिल्लू पहलवान भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने स्कूली बच्चों की इस नाराजगी का पुरजोर समर्थन किया। मामला अधिक बढ़ता देखकर बल्लभगढ़ के एसडीएम त्रिलोकचंद, एसीपी कुलदीप यादव सहित जिला शिक्षा अधिकारी भी पहुंचे। बाद में लम्बी बातचीत के बाद आश्वासन दिया गया कि जल्द ही स्कूल में अध्यापकों की कमी को पूरा किया जाएगा, तब जाकर मामला शांत हुआ और बच्चों ने जाम खोला। गौरतलब है कि सराय ख्वाजा के इस सरकारी स्कूल में दो हजार से ज्यादा विद्यार्थी पढ़ते हैं। मौजूदा समय में 191 स्टाफ में से केवल 65 ही अध्यापक यहां मौजूद है, जिसके चलते बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। अब जब परीक्षाओं का समय नजदीक है तो उन्हें ज्यादा दिक्कत आती है। बताया जाता है कि अध्यापकों की कमी के चलते दो शिफ्टों में बच्चों की पढ़ाई की जाती है, जिसको लेकर उनमें रोष व्याप्त है।
पार्षद और एसडीएम के बीच हुई तू-तू-मैं-मैं
सराय ख्वाजा स्कूल के बच्चों द्वारा जाम लगाए जाने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे बल्लभगढ़ के एसडीएम त्रिलोकचंद और नितर्वमान पार्षद बिल्लू पहलवान के बीच जबरदस्त तू-तू मैं-मैं हो गई। मामला बढ़ता देख एसडीएम के सुरक्षाकर्मी को बीचबचाव करना पड़ा, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इस बीच मौके पर पहुंची एसीपी कुलदीप यादव पूर्व पार्षद बिल्लू पहलवान को कमरे से बाहर ले गए और मामला शांत करवाया। हालांकि बाद में एसडीएम और पूर्व पार्षद ने आपस में हाथ मिलाकर इस विवाद को खत्म भी कर लिया।