फरीदाबाद, 15 अक्टूबर। पी.एम.एस.एस. एंड कंपनी चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्म के पार्टनर सी.ए. मनोज जैन द्वारा सैक्टर-16 में रक्तदान शिविर एवं भंडारे का आयोजन किया गया। शिविर में एसोसिएशन ऑफ एलायंस क्लब एवं भारत विकास परिषद केशव शाखा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने शिरकत की। इस मौके पर सी.ए. मनोज जैन ने पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल का फूल माला एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि रक्त हमेशा जरूरी होता है लेकिन अफसोस की बात है कि लोग आज कल रक्त दान नहीं करते जबकि अस्पताल में भर्ती मरीजों को इसकी जरूरत पड़ती ही है। ऐसे में ब्लड बैंक का खजाना काफी कम होता जा रहा है। कुल जनसंख्या में एक फीसद लोग भी रक्तदान करें तो ब्लड बैंक काफी समृद्ध हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए। स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए क्योंकि आपका दिया हुआ यह दान किसी का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है आवश्यकता पड़ने पर जब रक्त नहीं मिलता तो उसकी कीमत का अंदाजा लगता है यदि आपके रक्तदान से किसी का जीवन बचता है तो वह अपने आप में महा पुण्य कार्य है। इसलिए लोगों को चाहिए कि रक्तदान के प्रति जागरूक हों।
इस मौके पर सी.ए. मनोज जैन ने कहा कि पिछले 5 वर्ष से माता रानी के नाम का भंडारा किया जा रहा है। भंडारे में निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों को खाना खिलाया जाता है। उन्होंने कहा कि भंडारे में कई स्थानीय लोगों सहित कई अन्य इलाकों से आए सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शिविर के बारे में जानकारी देते हुए जैन ने बताया कि आज हमने 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया है जो बहुत की उत्तम बात है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में भर्ती बहुत से ऐसे मरीज होते हैं, जिनके इलाज में खून की जरूरत होती है। समय पर अगर उन्हें खून मिल जाए तो उनका बेहतर इलाज हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी तब होती है जब मरीजों के साथ कोई डोनर नहीं होता है और उन्हें खून के लिए इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में लोगों द्वारा स्वेच्छा से किए गए रक्तदान से ही ऐसे जरूरतमंदों की मदद की जा सकती है। उन्होंने लोगों से आवाह्न करते हुए कहा कि अधिक से अधिक मात्रा में रक्त दान करें और जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाएं।
इस मौके पर लक्ष्मी जैन, राजीव जैन, दीपक जैन, हितेश जैन, सुशील गुप्ता, अजय गुप्ता, अनुराग गर्ग, राजेश गर्ग, घनश्याम बिनानी, राजेश शर्मा, हरप्रीत सिंह, कमल, प्रमोद शर्मा एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
