कहा, वैकल्पिक व्यवस्था के बाद ही हटाए जाएंगे मकान
रेलवे द्वारा मकानों को तोडफ़ोड़ के नोटिस चस्पा करने से दहशत में जी रहे लोग
फरीदाबाद, 1 सितंबर : रेलवे द्वारा बनाई गई योजना की जद में आ रहे मकानों को तोडऩे के नोटिस चस्पा होने के बाद एसी नगर के लोगों में दशहत व्याप्त है। ऐसे में विधायक नरेंद्र गुप्ता एसी नगर का दौरा कर रेलवे लाइन के नजदीक बने घरों का दौरा किया और अधिकारियों से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया कि उनके रहने की वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के बाद ही रेलवे तोडफ़ोड़ करेगा। एसी नगर के लोगों ने बड़ी राहत मिलने के बाद विधायक नरेंद्र गुप्ता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विधायक ने एसी नगर के लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस मौके पर आरडब्ल्यूए की ओर से दिनेश बंसवाल, श्री कपूर, गजे सिंह, सागर, बब्बन राय, सुनीता प्रधान, रमेश हथीनवाले, राम मिलन दुबे, विजय कुमार, इकबाल खान, राजेश कुमार, सिही मंडल अध्यक्ष भाजपा नीरज मित्तल, जानकी प्रसाद, सुनील, सुनील आनंद आदि मौजूद रहे।
एसी नगर का दौरा करते हुए उन्होंने स्थानीय नाले में गंदगी के अंबार देख लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा इस नाले की सफाई तो करवाई ही जाएगी परंतु लोग यह प्रण लें कि नाले में इस प्रकार गंदगी का ढेर नहीं लगने देंगे क्योंकि इससे उन्हीं लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। विधायक नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान भी स्लम क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने की बात पुरजोर तरीके से उठाई थी और उसके बाद केंद्र सरकार द्वारा स्लम क्षेत्र के विकास के लिए विशेष पैकेज भी घोषित किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सरकार द्वारा गरीबों के उत्थान के लिए योजनाएं तैयार की गई हैं तथा सरकार लोगों को उजाडऩे की बजाय बसाने में विश्वास रखती है। इसलिए लोग निश्चिंत रहें। उन्हें आशियाने के बदले आशियाने मिलेंगे और इसके लिए वे मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर एसी नगर के लोगों की पीड़ा रख चुके हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वे केवल वोट के लिए लोगों के दरवाजे आने वाले विधायको में से नहीं है। विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत वे हर क्षेत्र में बारी-बारी जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा उनसे रूबरू हो रहे हैं। विधायक नरेंद्र गुप्ता ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे अपना यह फर्ज मानते हैं कि वे जनता के बीच जाएं और उनकी समस्याओं का समाधान करें।
