लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु वार्ड नंबर-44 में कांग्रेसी नेता ने खोला कार्यालय
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता व हरियाणा कांग्रेस के स्टेट सोशल मीडिया इंचार्ज मनोज अग्रवाल व महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव प्रियंका अग्रवाल ने लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए बल्लभगढ़ के वार्ड नंबर-44 के अंतर्गत आने वाले ऊंचा गांव में कार्यालय का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय जनता का कार्यालय होगा, जहां लोग बेझिझक आकर अपनी समस्याएं बता सकते है, जिसके निवाकरण के लिए वह भरसक प्रयास करेंगे। इस अवसर पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए मनोज अग्रवाल ने कहा कि बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता भाजपा सरकार की कारगुजारियों से त्रस्त हो चुकी है। इस सरकार ने बल्लभगढ़ को विकास के मामले में दशकों पीछे धकेलने का काम किया है। एक तरफ आज हमारा बल्लभगढ़ सड़क, सुरक्षा और पानी जैसी मूलभूत बुनियादी सुविधाओं तक के लिए तरस रहा है, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम फरीदाबाद में आए दिन नए-नए घोटाले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार की इन नाकामियों को जनता के समक्ष उजाकर करने के लिए ‘महंगाई चौपाल’ जैसे कार्यक्रम चलाते हुए लोगों के पास जाकर सरकार का असली चेहरा जनता के समक्ष उजागर करने का काम कर रही है। इस मौके पर उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए प्रियंका अग्रवाल ने कहा कि वार्ड नं 44 सहित बल्लभगढ़ क्षेत्र को बदहाली और पिछड़ेपन से मुक्ति दिलाने के लिए वह जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ की जनता ने हमें जो साथ, सहयोग और समर्थन दिया है उसके लिए वह सदैव उनकी आभारी रहेंगी और उनके हक हकूक की आवाज को बुलंद करने का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि टूटी हुई सड़कों पर बहता सीवर और नाली का गंदा पानी इस वार्ड की पहचान बन चुका है। करोड़ों रुपयों के आवंटन के बावजूद वार्ड नं 44 की ऐसी शर्मनाक तस्वीर नगर निगम फरीदाबाद में व्याप्त भ्रष्टाचार का साक्षात प्रमाण है। इस अवसर पर युवा कांग्रेस नेता आजाद सैनी, पवन सैनी, भरमवीर सैनी, गोपाल सैनी, प्रकाश सैनी, सेवादल की प्रदेश सचिव सगीरन खान, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अनिता शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रताप शर्मा, नरेश सैनी, युवा कांग्रेस नेता शुभम कसाना, धर्मवती, नेहा शर्मा, पायल अधाना सहित अनेकों काग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
