गढ़खेड़ा में फहराया जाएगा 75 फुट ऊंचा तिरंगा

-आजादी के अमृत महोत्सव से प्रेरित होकर ग्रामीणों ने लिया फैसला

फरीदाबाद जिले में करीब 27 सौ वोटों का गाँव गढ़खेड़ा जल्द ही एक इतिहास रचाने वाला है। आजादी के अमृत महोत्सव यानि 75 वर्ष से प्रेरित होकर ग्रामीणों ने 75 फुट ऊंचा तिरंगा फहराने का फैसला लिया है। माना जा रहा है कि यह तिरंगा ग्रामीण क्षेत्र का सबसे ऊंचा तिरंगा होगा। रविवार को हुई ग्रामीणों की बैठक में यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया।
बता दें गढ़खेड़ा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ का पैतृक गाँव है।

विदित है कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 13 अगस्त से 15 अगस्त हर घर तिरंगा अभियान शुरू होगा। अभियान का उद्देश्य हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना को जाग्रत करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अभियान के अंतर्गत देश भर के 20 करोड़ घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। जिससे प्रभावित गढ़खेड़ा गाँव के ग्रामीणों ने अपना ऐतिहासिक योगदान करने का निर्णय लिया। जिसके तहत 13 अगस्त को खेल नर्सरी में 75 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा।

ग्रामीण प्रताप सांगवान, सुरेंद्र, मास्टर प्रेमचंद, रामपाल लोर, जयप्रकाश वशिष्ठ का कहना है कि 75 फुट ऊंचा तिरंगा, उन सभी शहीदों को समर्पित है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपनी कुर्बानी दी थी। तिरंगा देख हमारी युवा पीढ़ी सदा स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हुए अनुशासित व कट्टर देशभक्त बनेगी।

घर-घर जाकर इकठ्ठा होगी सहयोग राशि

ग्रामीण रूपचंद सांगवान, नेत्रपाल, ओमपाल शास्त्री, मोनू चौधरी ने बताया कि 75 फुट ऊंचा तिरंगा लगाने में जो खर्चा आएगा, वह ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों से इकठ्ठा किया जाएगा। तिरंगे को लेकर पूरा गाँव खासा उत्साहित है।

हर घर पहुंचेगा तिरंगा
ग्रामीण जीतपाल, हरिदत्त वशिष्ठ, जनक, कमल दीक्षित, उदयपाल प्रजापति, बाबूराम, सतपाल, रामजीत, अमरचंद ने बताया कि इस तिरंगा ध्वजारोहण से पूर्व सैकड़ों युवा गाँव में तिरंगा मार्च निकालेंगे। उस दिन हर घर तिरंगा भी लगाया जाएगा।