सुबह जल्दी उठकर योग करना जड़ी बूटी के बराबर : रणबीर सिंह गंगवा

योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष
फरीदाबाद, 21 जून । हरियाणा विधान सभा के उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि हमारा देश संत-महात्मा और महापुरुषों का देश रहा है। योग से पूरे भारतवर्ष में ऋषि मुनियों ने लोगों को हमेशा ही सिखाने का काम किया है। योग भारत की प्राचीनतम पद्धति है। यदि हम नियमित रूप से योग करें तो निश्चित तौर पर निरोग रहेंगे। रणबीर गंगवा हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मंगलवार को स्थानीय खेल परिसर सेक्टर-12 में आठवें अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने विधायिका सीमा त्रिखा, हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया, मण्डल आयुक्त संजय जून, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, डीसी जितेन्द्र यादव, एडीसी मोहम्मद इमरान रजा, सीईओ जिला परिषद सतेन्द्र दुहन, एसडीएम परमजीत चहल, सीटीएम नसीब कुमार, अतिरिक्त सीईओ जिला परिषद अंकिता, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अजीत कुमार, डीआईपीआरओ राकेश गौतम, तहसीलदार नेहा सारण सहित पतंजलि प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित हजारों लोगों के साथ आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योगाभ्यास का एक प्राचीन रूप जो भारतीय समाज में हजारों साल पहले विकसित हुआ था। आज 21 जून को आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को पूरा विश्व मना रहा है। इसका श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी को पूरे विश्व में मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी यूएनओ की पहली बैठक में ही 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस मनाने के लिए प्रस्ताव पारित करा लिया था। उसके बाद वर्ष 2014 से लगातार इसका अभ्यास किया जा रहा है। इसमें किसी व्यक्ति को सेहतमंद रहने के लिए और विभिन्न प्रकार के रोगों और अक्षमताओं से छुटकारा पाने के लिए विभिन्न प्रकार के व्यायाम शामिल हैं। यह ध्यान लगाने के लिए एक मजबूत विधि के रूप में भी माना जाता है। जो मन और शरीर को आराम देने में मदद करता है। अब दुनियाभर में योग का अभ्यास किया जा रहा है। विश्व के लगभग 2 अरब लोग एक सर्वेक्षण के मुताबिक योग का अभ्यास करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की देखरेख में हरियाणा के हर गांव, कस्बों और शहरों के पार्कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रदेश में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस गाँव, कस्बे, शहरी स्तर पर आयुष विभाग और योग आयोग के तत्वावधान में आठवां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। देश और प्रदेश में छात्रों और हमारे युवाओं के बीच योग के महत्व को बढ़ावा देने के लिए हर स्कूल, कॉलेज या क्लब योग दिवस मना रहे हैं। योग शरीर और मन को स्वस्थ रखता है। शरीर में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर देता है। योग के कारण रोग शरीर में घुस नहीं सकते। हमें योग के महत्व को समझते हुए हमारे जीवन में हर दिन योग दिन बनाना चाहिए।