– योग दिवस के लिए तैयारी तेज़, 21 जून को होगा मुख्य कार्यक्रम
– बदलती जीवनशैली को संतुलित रखने में योग की भूमिका महत्वपूर्ण
फरीदाबाद ,15 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष में सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में तीसरे दिन योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीटीएम नसीब कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार आजादी के अमृत महोत्सव की शृंखला में आज बुधवार को जिला स्तरीय आठवां
अंतर्राष्ट्रीय योगाभ्यास शुरू किया गया।एसडीएम पंकज सेतिया ने योग का महत्व बताते हुए कहा कि इससे व्यक्ति मानसिक और शारीरिक, दोनों रूप से स्वस्थ रहता है। योग से बीमारियां दूर होती हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का दिन भारत के लिए खास महत्व रखता है इसलिए इस दिन सभी योग अवश्य करें और योग को जीवन में भी अवश्य अपनाएं।
एसडीएम परमजीत चहल ने बताया कि आगामी 20 जून को सुबह 6 से 7 बजे तक
योगाभ्यास उसके बाद जिला स्तरीय मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा। उसके बाद 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में योग प्रोटोकॉल का अभ्यास सभी मिलकर करेंगे। कार्यक्रम में शहर के आम लोग ही नहीं अधिकारी, कर्मचारी, सीनियर सिटीजन, दिव्यांग और विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग शामिल होंगे।योगाभ्यास में एमसीएफ के ज्वाइंट कमिश्नर डॉक्टर नरेश कुमार, एसडीएम पंकज सेतिया, एसएसडीए परमजीत चहल, तहसीलदार नेहा सहारन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पतंजलि योग समिति तथा अन्य योग संस्थानों के प्रतिनिधि व शहर के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
