तकनीकी एवं पेयजल प्रणाली के बारे में विस्तार से ली जानकारी
फरीदाबाद। सोमवार को जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग फरीदाबाद में दिल्ली के एम्स प्रशिक्षणार्थियों ने दौरा किया, इस दौरान सभी चिकित्सक प्रशिक्षणार्थियों ने जल जीवन मिशन, गांव के वाटर सप्लाई तकनीक व पानी जांच प्रक्रिया सहित अनेक विषयों पर विस्तार पूर्वक जानकारी ली। प्रशिक्षणार्थी चिकित्सक टीम का नेतृत्व डॉ सुरभि पूरी सीनियर रेजिडेंट कम्युनिटी मेडिसिन एम्स नई दिल्ली ने किया। उन्होंने बताया कि उनका फि़लहाल सीआरएचएसपी बल्लभगढ़ में स्नातकोत्तर प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है, जिसके तहत सभी को सार्वजनिक स्वास्थ्य गतिविधियों के बारे में प्रशिक्षण प्राप्त करना है। उन्होंने बताया कि हमें लगता है कि जन स्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग फरीदाबाद हमें तकनीकी पहलुओं की जानकारी देकर इस विषय में एक महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्रों को प्रदान की जाने वाली सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं के कामकाज के बारे में जागरूकता पैदा करना है। उपस्थित सभी विद्यार्थियों को विभाग के जिला सलाहकार सत्यनारायण नेहरा ने ग्रामीण स्तर पर चलाए जा रहे जल जीवन मिशन, पेयजल सप्लाई स्कीम के तहत जागरूकता अभियान एवं ग्रामीण स्तर पर ग्रामीण जल एवं सीवरेज समिति के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी, वही विभाग के कनिष्ठ अभियंता गौरव धीमान ने विभाग द्वारा गांव स्तर पर पेयजल स्कीम की संपूर्ण व्यवस्था के बारे में स्थिति स्पष्ट करते हुए अनेक पहलुओं पर गहनता से जानकारी दी। वही विभाग लैब केमिस्ट वंदना जी ने सभी विद्यार्थियों को पेयजल की शुद्धता जांच की सभी तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी इस अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थी चिकित्सकों को जल जीवन मिशन की संपूर्ण जानकारी के लिए पुस्तिका भी भेंट की गई।
