कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा के सहयोग से आयोजित हो रही नाट्य कार्यशाला का शुभारंभ बैठानिया सेंटर के संयोजक परसिवल होल्ट और प्रतिभाग कर रहे बच्चों के माता-पिता ने दीप प्रज्वलित कर किया। 14 मई से शुरू होने वाली इस कार्यशाला में लगभग 25 बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं। फोर्थ वाॅल प्रोडक्शंस और बैठानिया सेंटर की तरफ़ से आयोजित इस 20 दिवसीय नाट्य कार्यशाला में बच्चे रंगमंच की बारीकियां सीखते हुए नाटक भी करेंगे, जिसका प्रदर्शन कार्यशाला के समापन अवसर पर आयोजित किया जाएगा।
बैठानिया सेंटर के संयोजक परसिवल ने इस अवसर पर कहा कि रंगमंच के साथ ही अन्य कलाएं और सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के विकास के लिए बहुत ज़रूरी हैं। सभी बच्चों को इन कलाओं से जोड़ा जाना चाहिए। कार्यशाला के शुभारंभ के बाद बच्चों ने रंगमंचीय खेल तथा गतिविधियों में भाग लिया और अलग-अलग जानवरों का अभिनय करते हुए एक-दूसरे को अपना परिचय दिया। प्रतिदिन शाम 05ः30 बजे से 07ः30 बजे तक आयोजित होने वाली इस कार्यशाला के आगामी दिनों में बच्चे अलग-अलग विशेषज्ञों से नाटक के अलग-अलग गुर सीखेंगे, जिनमें भाव-भंगिमा, थियेटर इन एजुकेशन, रंगमंच में संगीत और वेशभूषा आदि की भूमिका के साथ ही अभिनय की बारीकियां भी शामिल होंगी।
कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाले एक ग्रुप के 20 बच्चों में प्रेम शर्मा, यश शर्मा, एकता तिवारी, जानविका गुप्ता, मान्या, अचल शर्मा, दक्ष, अमित, पिंकी, प्रतिज्ञा, रिद्धी ग्रोवर, दीपिका आदि शामिल हैं। इस अवसर पर कार्यशाला के सह-निर्देशक दीपक पुष्पदीप ने बच्चों से उनकी रूचि के बारे में जानते हुए उस पर अभिनय करवाया। इस कार्यशाला के निर्देशक और संयोजक डाॅ अंकुश शर्मा ने बताया कि इस कार्यशाला का समापन 04 जून को नाटक के साथ होगा।
