बहुजन युवा एकता टीम के अनेकों युवाओं ने थाम आम आदमी पार्टी का दामन
फरीदाबाद। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता डा. अशोक तंवर ने कहा है कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है, सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते आज लोग बुनियादी सुविधाओं को लेकर त्राहि-त्राहि कर रहे है, लेकिन सरकार में बैठे जनप्रतिनिधियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने कहा कि भाजपा का विकास केवल कागजों तक सीमित है, जमीनी स्तर पर विकास शून्य है और यह जनता भली भांति जान चुकी है। श्री तंवर दिल्ली स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं वरिष्ठ नेता पंडित राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में अखिल भारतीय सफाई कर्मचारी संघ के हरियाणा के प्रभारी सुनील कंडेरा, मानव एकता मंच के प्रदेशाध्यक्ष धनीराम एडवोकेट, देवराज गौड़, जनरल सेक्रेटरी व बहुजन युवा एकता टीम के अनेकों युवाओं को आम आदमी पार्टी में शामिल करवाने के उपरांत उन्हें संबोधित कर रहे थे। इस दौरान श्री तंवर पार्टी में शामिल हुए बहुजन युवा एकता टीम के सुशील, विमल, सचिन, नरेश, करन, जीतू, अर्जुन, सुनील, महेंद्र सिंह, अमित लोहचब, लोकेश, रोहित, टिंकू, बबल, दीपक, सन्नी व रविकांत सहित अन्य युवाओं का स्वागत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। श्री तंवर ने कहा कि पिछले आठ सालों में केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने लोगों को केवल महंगाई और भ्रष्टाचार का तोहफा दिया है, इस सरकार में जहां महंगाई ने रिकार्ड तोड़े वहीं भ्रष्टाचार के मामलों ने भी इस सरकार का असली चेहरा उजागर कर दिया। उन्होंने पार्टी में शामिल कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मॉडल के बारे में लोगों को विस्तार से बताएं ताकि आने वाले समय में जनविरोधी इस सरकार का देश प्रदेश से सूपड़ा साफ किया जा सके। इस अवसर पर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं वरिष्ठ पंडित राजेंद्र शर्मा ने कहा कि फरीदाबाद में आम आदमी की नीतियों से प्रभावित होकर लोग पार्टी में शामिल हो रहे है और संगठन निरंतर मजबूत हो रहा है और आम आदमी के कार्यकर्ता शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की दिशा में भरसक प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम व नगर परिषदों के चुनावों में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भारी मतों से विजयी होंगे और उसके बाद भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।
