महिला श्रमिकों के अच्छे स्वास्थ्य बिना नहीं साकार हो सकता स्वस्थ भारत समृद्ध भारत का सपना : भूपेन्द्र यादव
अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के उपलक्ष्य पर ईंट भट्टों में कार्यरत महिला श्रमिकों के लिए लगाया स्वास्थ्य एवं पोषण जांच शिविर
फरीदाबाद। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने रविवार को अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के उपलक्ष्य पर ईएसआई अस्पताल, फरीदाबाद का दौरा किया। यहां ईंट भट्टों में कार्यरत महिला श्रमिकों एवं अन्य श्रमिकों के लिए स्वास्थ एवं पोषण जाँच शिविर का आयोजन किया गया था। यहाँ स्वास्थ्य जाँच कार्यक्रम के दौरान श्रम व रोजगार मंत्री ने महिला ईंट भट्टों में कार्यरत महिला श्रमिकों एवं अन्य श्रमिकों से मुलाकात की एवं उनको उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मुलाकात के दौरान उन्होंने श्रमिक महिलाओं को एनीमिया बीमारी के बारे में जागरूक किया तथा नियमित स्वास्थ्य जांच एवं पोषण युक्त आहार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा की महिला श्रमिकों के अच्छे स्वास्थ्य को सुनिश्चित किये बिना स्वस्थ भारत समृद्ध भारत का सपना साकार नहीं किया जा सकता। स्वास्थ्य जाँच शिविर में शामिल श्रमिकों को श्रम एवं रोजगार मंत्री ने श्रम मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही योजना जैसे – प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, पेंशन दान योजना एवं इ-श्रम के सम्बन्ध में भी बताया। अस्पताल के दौरे पर श्रम व रोजगार मंत्री ने भर्ती मरीजों से भी भेंट की एवं उनका कुशल क्षेम जाना। मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद के दौरान उन्होंने अस्पताल द्वारा कोविड-19 के दौरान किये गए कार्यों की सराहना की। दौरे के क्रम में श्रम एवं रोजग़ार मंत्री नियोक्ताओं, एम्प्लायर एसोसिएशन तथा ट्रेड यूनियन के लोगों से भी मिले तथा उनको आश्वस्त किया कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय उनके लिए फैसिलिटेटर के रूप में कार्य कर रहा है। बातचीत के दौरान श्रम एवं रोजगार मंत्री ने अधिकारियों को श्रमिकों के हित को ध्यान में रख कर काम करने का निर्देश दिया। मुलाकात के दौरान कृष्ण पाल गुर्जर, विद्युत राज्य मंत्री तथा भारी उद्योग राज्य मंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य सामाजिक सुरक्षा योजना के बारे में महिला श्रमिकों को जानकारी दी। सचिव, श्रम व रोजगार चलाये जा रहे पाइलट प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर सुनील बर्थवाल, सचिव, श्रम व रोजगार, भारत सरकार, सीमा त्रिखा, विधायक बडखल, मुखमीत एस. भाटिया, महानिदेशक, ई. एस. आई. सी. गोपाल शर्मा एवं अन्य गणमान्य भी इस दौरे में साथ रहे।
