फरीदाबाद में आयोजित कांग्रेस की ‘विपक्ष आपके समक्ष’ रैली में उमड़ा जनसैलाब
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा रैली में उमड़े जनसैलाब को देखकर हुए गद्गद्
फरीदाबाद। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार देते हुए कहा कि सरकार की अदूरदर्शिता के चलते आज हरियाणा की जनता को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। जबकि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रदेश में 4 पावर प्लांट और एक न्यूक्लियर प्लांट स्थापित किया था। हरियाणा में बिजली की उपलब्धता को उन्होंने 4 हजार से 11 हजार मेगावाट तक पहुंचाया था। आज भी हरियाणा को अधिकतम 8000-8500 मेगावाट बिजली की ही आवश्यकता है। लेकिन मौजूदा सरकार 8 साल बाद भी प्रदेशवासियों को बिजली मुहैया नहीं करवा पा रही ऐसा इसलिए क्योंकि दूरदर्शिता के अभाव में सरकार ने हरियाणा के हिस्से की झाड़ली प्लांट से मिलने वाली 750 मेगावाट बिजली दिल्ली को दे दी। नये पावर प्लांट लगाना तो दूर पहले से स्थापित पावर प्लांट से भी उत्पादन करना बंद कर दिया। सरकार को बिजली की समस्या पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए, ताकि लोगों को सच पता चल सके। सरकार बिजली संकट का समाधान करे, नहीं तो कांग्रेस सडक़ों पर उतरकर उसका विरोध करेगी। श्री हुड्डा रविवार को एनआईटी के दशहरा मैदान में आयोजित ‘विपक्ष आपके समक्ष’ रैली को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष जितेन्द्र भारद्वाज, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल मालिक, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयप्रकाश, पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा आदि मौजूद रहे। रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 2005 से पहले हरियाणा में स्थिति ऐसी थी कि प्रदेश के विद्यार्थियों को पढऩे और प्रोफेशनल कोर्स करने के लिए अन्य प्रदेशों में जाना पड़ता था। हमने हरियाणा को शिक्षा का हब बनाने की ठानी और देश व दुनिया के बेहतरीन विश्वविद्यालय, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थानों को हरियाणा में स्थापित किया लेकिन बीजेपी और जेजेपी ने 8 साल में प्रदेश की ऐसी स्थिति बना दी है कि आज स्कूलों में टीचर, अस्पतालों मे डॉक्टर, सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी और विकास के लिए खजाने में पैसे तक नहीं हैं। मौजूदा सरकार ने प्रदेश को करीब 3 लाख करोड़ के कर्ज तले दबा दिया है। क्योंकि यह सरकार चार्वाक की नीति पर चल रही है, जो कहती है ‘कर्ज लो, घी पियो’। लेकिन अब हरियाणा की जनता यह सब बर्दाश नहीं करेगी। जनसभा में मौजूद लोगों की भावना और उनके चेहरे के उत्साह को देखकर उनका दावा है कि हरियाणा में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है, हरियाणा करवट ले चुका है। यह तो सिर्फ ट्रेलर है, आने वाले दिनों में हरियाणा पूरी फिल्म देखेगा। हुड्डा ने चौधरी उदयभान को हरियाणा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने के लिए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का धन्यवाद किया। इस मौके पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कार्यक्रम के मंच से नयी जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस हाईकमान और भूपेंद्र सिंह हुड्डा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यहां से बदलाव की जो हवा चली है, वह तीन चौथाई बहुमत के साथ प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाकर ही रुकेगी। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी बिजली संकट पर बोलते हुए कहा कि समझ नहीं आ रहा आज बिजली में कट है या कट में बिजली है। बिजली और सडक़ जैसी आधारभूत सुविधाओं के लिए भी लोग तरस रहे हैं। फरीदाबाद में सडक़ों को इस कदर उधेड़ रखा है कि बस तो क्या बाइक निकालना भी मुश्किल है। बीजेपी ने फरीदाबाद नगर निगम को ‘नरक निगम’ बना दिया है। जहां-तहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और लोगों को पानी तक खरीदकर पीना पड़ रहा है। इन सब के बीच नगर निगम में 200 करोड़ रुपए के घोटाले को अंजाम दे दिया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चौधरी महेंद्र प्रताप, विजय प्रताप, पूर्व विधायक रघुबीर तेवतिया, ललित नागर, वरिष्ठ नेता लखन सिंगला समेत तमाम आयोजकों को बधाई दी व उनका धन्यवाद किया। विजय प्रताप ने रैली में आए हुए सभी गणमान्य लोगों का स्वागत किया और रैली को सफल बनाने में सहयोग करने पर क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार की नीतियों से हर वर्ग दुखी है। रैली में लोगों जोश और उत्साह तय करता है कि भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। रैली की अध्यक्ष पीर जगन्नाथ ने की जबकि मंच संचालन विधायक नूंह आफताब अहमद ने किया। रैली को पूर्व मंत्री चौ. करण सिंह दलाल, विधायक नीरज शर्मा, आफताब अहमद, पूर्व विधायक ललित नागर, रघुवीर सिंह तेवतिया, यशपाल नागर, जे पी नागर, लखन सिंगला, योगेश गौड, इजराइल खान, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, पूर्व मेयर सुबेदार सुमन, अशोक अरोड़ा पूर्व मेयर, जगन डागर, गिरीश भारद्वाज, ज्ञानचंद आहूजा, पूर्व बार अध्यक्ष संजीव चौधरी, बलजीत कौशिक, पूर्व उपमहापौर राजेन्द्र भामला, सुमित गौड, विजय कौशिक, सुभाष कौशिक, भारत अरोड़ा, रेणू चौहान, इशांत कथूरिया, जित्ते भड़ाना, राकेश भडाना एडवोकेट, रिंकू चंदीला, फिरे पोसवाल, धीरेन्द्र प्रताप पूर्व पार्षद, राजेश आर्य, अशोक रावल, सोलंकी, गजना लाम्बा, बालकिशन चेयरमैन, सुभाष चौधरी, प्रोफेशनल कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. सौरभ, ओ पी भाटी, मयंक चौधरी, राजेश भड़ाना, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष नितिन सिंगला, यूवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राहुल सरदाना, सागर कौशिक, मुस्ताक, विकास वर्मा, बिजेन्द्र, नीरज गुप्ता, तरूण तेवतिया, राजेन्द्र चपराना, सुरेन्द्र सरदार जी, जितेन्द्र चंदेलिया, अनिल नेताजी, अनीशपाल, राजेश खटाना आदि मौजूद रहे।
