क्रिकेट मैदान में वापिस आना हमेशा खुशी की बात : चेतन शर्मा 

 

मारूति सुजुकी ने जीता 15वां मानव रचना कॉरपोरेट क्रिकेट चैलेंज टूर्नामैंट

फरीदाबाद। मानव रचना कॉरपोरेट क्रिकेट चैलेंज कप के 15वें संस्करण का भव्य समापन शनिवार को विधिवत रूप से समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं बीसीसीआई की वरिष्ठ चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा उपस्थित रहे। मारुति सुजुकी ने एडिडास के खिलाफ शानदार सिक्सर के साथ फाइनल मैच जीता।  समापन के दौरान मानव रचना शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत भल्ला, एमडी संजय श्रीवास्तव, खेल निदेशक मानव रचना सरकार तलवार सहित अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। फाईनल मैच में विशिष्ट अतिथि के रूप में ट्रस्टी डा. एम.एम. कथूरिया शामिल हुए। उन्होंने फिऩलिस्ट्स को टूर्नामेंट के दौरान उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उन्हें फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर चेतन शर्मा ने डॉ ओ पी भल्ला के समय से मानव रचना के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया और साझा किया कि मानव रचना उनके लिए एक परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के मैदान पर वापस आना हमेशा खुशी की बात होती है और मैं मानव रचना के मैदान की प्रशंसा करता हूं क्योंकि यहां का क्रिकेट मैदान इस तरह के टूर्नामेंट के लिए अति उत्तम है। वहीं टूर्नामैंट के फाईनल मुकाबले में एडिडास ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया। टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाए। मारुति सुजुकी की टीम ने 17.2 ओवर में 226 रन बनाकर मैच जीत लिया। मारुति सुजुकी टीम से गौरव सैनी को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया,उन्हें टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ के रूप में भी  सम्मानित किया गया, टीम एचसीएल से हिमांशु वशिष्ठ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ बने। टूर्नामेंट में एडिडास के योगेश राणा को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया और जेसीबी क्रिकेट टीम ने ‘द फेयर प्ले’ ट्रॉफी जीती। चैंपियंस ट्रॉफी को मारुति सुजुकी क्रिकेट टीम ने अपने नाम कर लिया। मानव रचना के 15वें कॉरपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 55 मैच खेले गए जिसमें 7 समूहों में टीमों को विभाजित किया गया तथा प्रत्येक समूह में 4-5 टीमें थी। पहले चरण में लीग मैच खेले गए जिसके बाद नॉकआउट मैच, क्वार्टर फाइनल, और सेमिफाइनल मैच हुए।