फरीदाबाद, 8 अप्रैल। रोटी बैंक सेक्टर-19 फरीदाबाद ने बैसाखी उत्सव को लेकर आज एक बैठक का आयोजन ओल्ड फरीदाबाद नगर निगम कार्यालय के समीप मयूर गार्डन मार्केट में किया गया। बैठक की अध्यक्षता चुन्नीलाल चोपड़ा ने की जबकि कार्यक्रम का संचालन सेवादार सुनील कुमार ने किया। रोटी बैंक आगामी 10 अप्रैल को सायं साढ़े 6 बजे से बैसाखी उत्सव सेक्टर-19 फरीदाबाद स्थित कम्युनिटी सेंटर में धूमधाम से मनायेगी, जिसके संबंध में सभी साथियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में दिनेश छाबड़ा, कुलदीप सिंह साहनी, सेवादार टोनी पहलवान, सुरेंद्र सिंह सांगा, सरजू आहूजा, राजू बेदी, अनिल अरोड़ा, सर्वजीत सिंह चौहान, राजू बजाज, अकिल सलमानी, नीरज गुप्ता, तेजिन्द्र सिंह चड्ढा, विजय मेहता, नीरज मेहता आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के बारे में जानकारी देते हुए सेवादार सुनील कुमार व सेवादार टोनी पहलवान ने बताया कि बैसाखी पर्व पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की मुख्य प्रस्तुति अकाल गतका एकेडमी द्वारा प्रस्तुत की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर उपस्थित रहेंगे विशिष्ठ अतिथियों में फरीदाबाद के विधायक नरेंद्र गुप्ता व बडखल से विधायक श्रीमती सीमा त्रिखा होंगी। वहीं भाजपा के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, मुख्यमंत्री हरियाणा के राजनीतिक सचिव अजय गौड़, निवर्तमान उपमहापौर देवेंद्र चौधरी व समाजसेवी देवेंद्र गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस अवसर पर कोरोना काल में जनसेवा करने वाली सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि बैसाखी पर्व का दिन हमारे सौर नव वर्ष की शुरुआत के रूप में जाना जाता है। इस दिन लोग अनाज की पूजा करते हैं और फसल के कटकर घर आ जाने की खुशी में भगवान और प्रकृति को धन्यवाद करते हैं। आयोजकों ने सभी से उक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम में सपरिवार ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
