शहर में बढ़ रहे है खांसी, जुकाम व वायरल के मामले
फरीदाबाद। तापमान बढऩे से मौसम में हो रहे परिवर्तन के चलते खांसी, जुकाम व बुखार आदि के रोग भी पनपने लगे है। अगर इन रोगों पर ध्यान नहीं दिया जाए तो गंभीर बीमारियां भी हो सकती है इसलिए बदलते मौसम में हमें अपने खानपान को ठीक रखना चाहिए, तभी इन रोगों से बचा जा सकता है। उक्त जानकारी देते हुए बल्लभगढ़ यादव कालोनी में रहने वाले महर्षि व्यास आयुर्वेद के डा. मनदीप कौशिक ने बताया कि तापमान में इजाफा होने के साथ ही खांसी, जुकाम व वायरल के मामले भी बढऩे लगे है इसलिए इन बीामरियों से बचाव के लिए हमें अपने खान-पान पर ध्यान देना चाहिए। डा. कौशिक ने बताया कि इस मौसम में हल्का, सुपाचय भोजन करना चाहिए, जो कि घर का ही बना हो और हो सके तो खाने के बाद तुरंत हल्का गर्म पानी पीये, जिससे भोजन आसानी से बच सके। उन्होंने बताया कि सुबह नियमित रूप से व्यायाम करना चाहिए तथा मौसम के अनुसार फलों तथा सब्जियों का इस्तेमाल करें, जैसे संतरा, बेर, पपीता, चीकू आदि का सेवन करना चाहिए तथा देर से पचने वाला खाना जैसे उड़द की दाल, अरहर की दाल, फूल गोभी, अरबी आदि का सेवन न करे। डा. मनदीप कौशिक ने बताया कि प्रतिदिन कम से कम 3 से 5 लीटर पानी पीना चाहिए और बढ़ते प्रदूषण से अपना बचाव रखना चाहिए, तभी हम पूरी तरह स्वस्थ्य रह सकते है।
