पूर्वमंत्री बोले प्लांट शिफ्ट होने से बेरोजगार होंगे लोग, करेंगे निर्णय का डटकर विरोध
फरीदाबाद। प्रदेश के पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा है कि करीब 42 साल पूर्व स्थापित किए गए बल्लभगढ़ स्थित वीटा मिल्क प्लांट को साजिश के तहत शिफ्ट किए जाने की योजना बनाई जा रही है ताकि अन्य निजी दुगध कंपनियों को लाभ पहुंचाया जा सके। करण सिंह दलाल शनिवार को बल्लभगढ़ में वीटा प्लांट मामले पर आयोजित पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्लांट के शिफ्ट होने से करीब 400 से अधिक कर्मचारियों के अलावा 18 हजार पशुपालक बेरोजगार हो जाएंगे। इस प्लांट में पशुपालक प्रतिदिन एक लाख 25 हजार लीटर से अधिक दूध सप्लाई करते है, जिसका लाभ फरीदाबाद, पलवल व नूंह के बेरोजगार युवाओं को मिल रहा है। युवाओं ने पशुपालन कर दूध का रोजगार अपनाया हुआ है। प्लांट के चलते जाने का यहां पर मिलावटी दूध का कारोबार फल फूलने लगेगा, जिसका असर यहां के निवाासियों के स्वास्थ्य पर पड़ेगा। पूर्वमंत्री ने कहा कि आने वाले 15 दिन में प्लांट से जुड़े पशुपालक, कर्मचारियों, विपक्ष के नेता व अन्य सामाजिक संस्थाओं के लोगों से बात कर एक ज्ञापन तैयार किया जाएगा, जिसे प्रदेश के राज्यपाल को सौंपा जाएगा। इसके अलावा उस ज्ञापन की एक-एक प्रति जनप्रतिनिधियों को भी सौंपेंगे ताकि वह भी लोगों के विरोध की आवाज को सरकार तक पहुंचाया सके। इसके बाद भी अगर इसको शिफ्ट करने की योजना को कैंसिल नहीं किया गया तो धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्लांट के शिफ्ट होने के मुद्दे को विधानसभा सत्र में उठाया जाता, मगर उन्हें इस बार देरी से पता चला। पूर्वमंत्री चौ. करण सिंह दलाल ने सभी सत्तापक्ष व विपक्ष के नेताओं से आह्वान किया कि उन सभी का दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस मुद्दे पर आगे आना चाहिए क्योंकि यह किसी पार्टी समुदाय या जाति की समस्या नहीं बल्कि यह हर किसी की बड़ी समस्या है। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि बढ़ती हुई जनसंख्या में दूध की मांग को देखते हुए सरकार को बल्लभगढ़ के वीटा मिल्क प्लांट की क्षमता बढ़ानी चाहिए थी और सरकार उल्टा इस प्लांट को बंद करने की तैयारी कर रही है, जिसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। इस अवसर पर पूर्व पार्षद जगन डागर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनू चौधरी, वेदपाल दायमा, राजू दरिवल, राजेंद्र चौहान, हबीब प्रधान, धर्मेन्द्र लाम्बा, सूरज सेंगर, गंजना, रवि प्रकाश, अधिवक्ता चंद्रभूषण आदि मौजूद थे।
