फरीदाबाद, 17 दिसंबर। ओल्ड फरीदाबाद के बराही पाड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में गत 12 दिसंबर से श्री गिर्राज महाराज की अनुकम्पा से तीसरी संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा आयोजित की जा रही है, जो आगामी 19 दिसंबर तक चलेगी।
संयोजक पं. रमेशचंद शर्मा ने बताया कि कथा व्यास (बृजधाम) गोविंदाचार्य जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का सुमधुर श्रवण करा रहे हैं। कथा व्यास ने कहा कि कथा कि सार्थकता तब ही सिद्ध होती है जब इसे हम अपने जीवन व व्यवहार में धारण कर निरंतर हरि स्मरण करते हैं। अपने जीवन को आनंदमय व मंगलमय बनाकर अपना आत्म कल्याण करें, अन्यथा यह कथा केवल मनोरंजन, कानों के रस तक ही सीमित रह जाएगी। उन्होंने आगे विस्तार से बताया जहां अन्य युगों में धर्म लाभ एवं मोक्ष प्राप्ति के लिए कड़े प्रयास करने पड़ते हैं, कलियुग में कथा सुनने मात्र से व्यक्ति भवसागर से पार हो जाता है। सोया हुआ ज्ञान वैराग्य कथा श्रवण से जाग्रत हो जाता है। कथा कल्पवृक्ष के समान है, जिससे सभी इच्छाओं की पूर्ति की जा सकती है। उन्होंने कहा कि भागवत पुराण हिन्दुओं के अठारह पुराणों में से एक है। इसे श्रीमद् भागवत या केवल भागवतम् भी कहते हैं। इसका मुख्य विषय भक्ति योग है, जिसमें श्रीकृष्ण को सभी देवों का देव या स्वयं भगवान के रूप में चित्रित किया गया है। इस पुराण में रस भाव की भक्ति का निरूपण भी किया गया है। भगवान की विभिन्न कथाओं का सार श्रीमद भागवत मोक्ष दायिनी है।
श्रीमद् भागवत कथा में पधारे सेवादार टोनी पहलवान व सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि श्रीमद भागवत कथा श्रवण से मानव के जन्म जन्मांतर के विकार नष्ट हो जाते हैं। इसके श्रवण से परीक्षित को मोक्ष की प्राप्ति हुई और कलियुग में आज भी इसका प्रत्यक्ष प्रमाण देखने को मिलते हैं। श्रीमदभागवत कथा सुनने से प्राणी को मुक्ति प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा से मन का शुद्धिकरण होता है। इससे संशय दूर होता है और शांति व मुक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी श्रीमद भागवत कथा हो रही हो मानव को उसका अवश्य ही श्रवण कर अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए। कथा व्यास द्वारा सुमधुर स्वर में गाये भजन ‘मेरा दिल तुझ पे आया मुरलिया वाले रहे’ पर श्रद्धालु झूम उठे। इस मौके पर पं. अंगद पंडित, शारदा गर्ग व कृष्ण गर्ग विशेष रूप से मौजूद रहे।
