धरतीपुत्र किसानों को उनके जायज़ अधिकारो से कोई वंचित नहीं कर सकता : विजय प्रताप

भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेसियों ने निकाली जन जागरण पदयात्रा
फरीदाबाद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज बडख़ल विधानसभा में बढ़ती महंगाई और मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा का नेतृत्व पूर्वमंत्री बिजेंद्र कादयान ने किया, जबकि अध्यक्षता बडखल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप सिंह द्वारा की गई। इस मौके पर पूर्वमंत्री ए.सी. चौधरी, बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल, चेयरमैन डा. एस.एल. शर्मा, पूर्व युवा जिलाध्यक्ष तरूण तेवतिया, रिंकू चंदीला, पार्षद राकेश भड़ाना, गौरव ढींगड़ा, पूर्व मेयर अशोक अरोड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष गुलशन बग्गा, पूर्व पार्षद योगेश ढींगरा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता फागना, सोनू चौधरी, गजना लांबा, पार्षद जितेंद्र भड़ाना जीते, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष नितिन सिंगला, राजेश आर्य , अनिशपाल, डॉ सौरव शर्मा आदि मौजूद रहे। यह पदयात्रा बडख़ल तहसील से आरंभ होकर दो नम्बर लखानी धर्मशाला चौक तक निकाली गई, इस दौरान कांग्रेसजनों ने हाथों पर बैनर लेकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रति आमजन को जागरूक किया। पदयात्रा की शुरूआत से पहले सभी कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर किसान आंदोलन में शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी। उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए बिजेंद्र कादयान ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक कांग्रेस पार्टी ने जनता की आवाज़ को बुलंद करने का काम किया है। चाहे लोकतंत्र की बात हो या चाहे आम लोगों की दैनिक समस्याएं हों, जो भी चुनौती आती है उसे कांग्रेस पार्टी स्वीकार करती है। भाजपा सरकार ने झूठ की बुनियाद पर सत्ता हासिल की है। लोगों के बीच भाईचारा बिगाडऩे से लेकर उनके सामने जुमले रखने जैसे काम करने में भाजपा सरकार माहिर रही है। वहीं बडखल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप ने अपने वक्तव्य में कहा कि कोई भी जि़म्मेदार व्यक्ति अपने शब्दों, वक्तव्यों के आधार पर लोकतंत्र में लोगों का विश्वास हासिल करता है न कि झूठ के आधार पर। किसान विरोधी काले कानूनों की वापसी पर विजय प्रताप ने कहा कि ये लाजिमी था और मोदी जी को प्रायश्चित करते हुए 750 से ज़्यादा शहीद हुए किसानों के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवज़ा राशि देनी चाहिए,धरतीपुत्र किसानों के जायज़ अधिकारो से उन्हें कोई वंचित नहीं कर सकता। महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस के उपस्थित नेताओं ने कहा कि सरकार महंगाई तो लगातार बढ़ा रही है लेकिन वेतन और मज़दूरी बढ़ाने की चर्चा भी नहीं कर रही। ऐसी मुश्किल घड़ी में घर का खर्च भी ठीक से चला पाना मुश्किल हो गया है। सरकार ने बीते वर्षों में गरीबी रेखा के कार्ड भी नहीं बनाए। भाजपा ने झूठ का आधार बनाकर गरीब आदमी और आम जनता की जेब पर डाका डाला है। भाजपा सरकार सिर्फ चुनावी दौर में लोगों को झांसा देने के लिए बढ़ी हुई कीमतों में थोड़ी सी गिरावट करने का काम करती है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते देश भर में महंगाई लगातार बढ़ रही है। गरीब लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है और लोग महंगाई से त्रस्त हैं। पेट्रोल व डीजल के दामों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।