हरियाणा दिवस पर प्रथम रंग उत्सव का आयोजन

Faridabad : हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में प्रथम हरियाणा रंग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। फोर्थ वाॅल प्रोडक्शंस और बैठानिया सेंटर द्वारा आयोजित यह उत्सव तीस अक्तूबर से शुरू होगा, जिसका समापन एक नवंबर को होगा। बैठानिया सेंटर, नियर बी0 के0 चौक में आयोजित होने वाले तीन दिनों के इस उत्सव में चार नाटकों की प्रस्तुतियाँ होंगी।
इस उत्सव के उद्घाटन अवसर पर नाटक अंत भला तो सब भला की प्रस्तुति होगी। यह नाटक हरियाणा कला परिषद के सहयोग से आयोजित हुई नाट्य कार्यशाला में तैयार किया गया है, जिसके रूपान्तरकार और निर्देशक डाॅ0 अंकुश शर्मा हैं। वहीं दूसरे दिन मुखामुखम मंच संस्था की नाट्य प्रस्तुति उजबक राजा और डकैत होगी, जिसके लेखक अलखनंदन और निर्देशक सुन्दर लाल छाबड़ा हैं। वहीं, तीसरे दिन यानि समापन अवसर पर अंतराल थियेटर ग्रुप, जयपुर की प्रस्तुति ऑडिशन होगी। इस नाटक के लेखक एवं निर्देशक एन0 एस0 डी0 के वरिष्ठ रंगकर्मी डाॅ0 रवि चतुर्वेदी हैं। इसके साथ ही इन तीनों दिनों की नाट्य प्रस्तुतियों से पहले प्रतिदिन एक हास्य लघु नाटक हिरण्यकश्यप मर्डर केस की प्रस्तुति होगी, जिसे नाट्य कार्यशाला में शामिल हुए सभी प्रतिभागियों ने तैयार किया है। इस नाटक के निर्देशक सुरेश कुमार सन्नी हैं।
हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस प्रथम हरियाणा रंग उत्सव के निदेशक दीपक पुष्पदीप हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष नाट्य समारोह का आयोजन किया जाएगा और इसके साथ ही शहर में रंगमंच से जुड़ी कार्यशालाओं तथा अन्य गतिविधियों को भी शुरू किया जाएगा। इससे पहले फोर्थ वाॅल प्रोडक्शंस ने विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर शहर के रोज़ गार्डन स्थित ओपन ऑडिटोरियम में भी तीन दिवसीय थियेटर फेस्टिवल का आयोजन किया था।