नूंह 14 अक्तूबर :- एसडीएम सलोनी शर्मा ने कहा है कि किसी भी मुकाम पर पहुचने के लिए कड़ी मेहनत और लग्र की आवश्यकता होती है। जिस प्रकार से यह बच्चें मेहनत कर रहे है उससे लगता है कि इनमें प्रतिभा की कोई कमी नही है। एसडीएम सलोनी शर्मा वीरवार को सरदार गुुरुमुख मेमोरियल स्कूल में जिला बाल कल्याण परिषद नूंह की तरफ से आयोजित बाल महोत्सव में दूसरे दिन बतौर मुख्यतिथि बोल रही थी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी क्षमता के अनुसार क्रिएटिविटी को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। लेकिन यह कहना मुश्किल होगा कि कौन सा बच्चा प्रतिभाशाली है और कौन सा कम टेलेंट रखता है, यानि सभी एक से बढक़र एक हैं। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित भी किए। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों, उनके अध्यापकों और आयोजकों को बधाई देते कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करती हैं, जो आगे चलकर उनके काम आती है और प्रतिभागी को अपनी ऊर्जा चैनेलाईज़ यानि प्रवाहित करने का अवसर मिलता है। बच्चों का उत्साह देखकर उन्होंने कहा कि कोविड के चलते बच्चों को अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसरों में कमी आई, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उनका टेलेंट खत्म हो गया है। एसडीएम ने कहा कि करीकुलर एक्टिविटिज़ यानि पाठ्यक्रम गतिविधियों के साथ यह भी जरूरी है कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व को निखारने के लिए अपना मानसिक और बौधिक विकास करें। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल बच्चों की प्रतिभा को देखकर कहा कि इनमें भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं, जरूरत है ऐसे बच्चों को अवसर प्रदान करने की और बाल कल्याण परिषद ने ऐसे बच्चों को आमंत्रित कर एक अच्छा कार्य किया है। इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में छुपी हुई प्रतिभा उभरकर सामने आती है। जिला बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री ने बताया कि आज एकल नृत्य, बेस्ट ड्रामेबाज, स्केचिंग ऑन स्पोर्ट, हस्त लेखन अग्रेजी, हस्त लेखन हिंदी की प्रतियोगिता आयोजित हुई। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को देश भक्ति समूह गीत, फन गेम, लडक़ो व लड़कियों के लिए, भाषण प्रतियोगिता, प्रश्नोतरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं 17 अक्टूबर के लिए फैंसी डे्रस, रंगोली प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग का आयोजन किया जाएगा।
