Faridabad: हरियाणा कला परिषद के सहयोग से चल रही कार्यशाला में आने वाले प्रतिभागी रंगमंच के अलग-अलग पहलुओं से रू-ब-रू हो रहे हैं। आज इसी कड़ी में उन्होंने आहार्या अभिनय के अंतर्गत मेक-अप के बारे में जाना। नाटकों में मेक-अप यानि रूप सज्जा की भूमिका बताने के लिए आज मेक-अप आर्टिस्ट दानिश मसूद कार्यशाला में आए। उन्होंने प्रतिभागियों को मेक-अप की खूबियाँ बताते हुए कहा कि मेक-अप से रंगमंच पर आने वाले किसी भी चरित्र को पहचान मिलती है।
दानिश ने सबसे पहले मेक-अप के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए स्टेज और कैमरे के सामने किए जाने वाले मेक-अप के बीच के अंतर को भी बताया। इसके बाद उन्होंने अभिनेताओं के चेहरे पर प्रयोग किए जाने वाले काॅस्मेटिक्स के बारे में जानकारी दी और प्रतिभागियों के चेहरे पर बिलकुल शुरू से मेक-अप करके दिखाया। उन्होंने प्रतिभागी प्रियंका के चेहरे पर बेस लगाते हुए काले चेहरे को गोरा और गोरे चेहरे को काला करके दिखाया। इसके बाद प्रतिभागी हेमंत के चेहरे पर दाढ़ी और मूंछ लगा कर रंगमंच में उसके महत्व के बारे में बताया। इसी तरह अन्य प्रतिभागियों अभिषेक और समायरा के चेहरे पर चाकू से कटने और मस्से के निशान को भी बना कर दिखाया। इस तरह प्रतिभागियों ने मेक-अप के महत्व के बारे मे जाना और यह भी समझा कि किसी भी चरित्र की तैयारी के लिए मेक-अप की विशेष भूमिका होती है। इस कार्यशाला में सोनिया गांधी, अश्वनी, सन्नी, जश कालरा, सिद्धार्थ बत्तरा, समायरा सलूजा, कमल अनमोल, अभिषेक आदि लगभग 20 प्रतिभागी प्रतिदिन भाग ले रहे हैं। फोर्थ वाॅल प्रोडक्शन्स के सहयोग से बैठानिया सेंटर में आयोजित हो रही इस कार्यशाला का समापन हरियाणा दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को होगा, जिसमें सभी प्रतिभागी नाटक भी प्रस्तुत करेंगे।
