जेजेपी हर विधानसभा क्षेत्र में खड़ी कर रही सक्रिय कार्यकर्ताओं की फौज : डा. अजय चौटाला

जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले, नूंह के हिलालपुर गांव में स्थापित करेंगे देवीलाल की आदमकद प्रतिमा
फरीदाबाद। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला जेजेपी के सक्रिय सदस्यता अभियान को गति देने व कार्यकर्ताओं से रूबरू होने फरीदाबाद पहुंचे। उन्होंने कहा कि सक्रिय कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं, जिनके बल पर संगठन को प्रभावी व मजबूती दी जाती है। इसलिए जजपा ने प्रदेशभर में सक्रिय कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी करने के लिए सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया हुआ है। जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरूवार को बल्लभगढ़ अनाज मंडी में जिलास्तरीय कार्यकर्ताओं सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर डॉक्टर अजय सिंह चौटाला ने बॉक्सिंग में स्टेट लेवल पर गोल्ड मेडल जीत कर आए चिनमय गोयल उसके कोच आमिर खान को शॉल पहना कर सम्मानित किया । इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, अंतराम तवर, वरिष्ठ जजपा नेता अजय भड़ाना, युवा जिलाध्यक्ष नलिन हुड्डा, जिला प्रवक्ता अनिल खुटैला, ठाकुर राजाराम, उमेश भाटी , अमर सिंह दलाल मौजूद रहे। डा. अजय सिंह चौटाला ने विशेष रूप से जननायक देवीलाल की जयंती समारोह की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कहा कि गरीब, किसान, कमेरे वर्ग के मसीहा के जन्मदिवस के मौके पर हिलालपुर (नूंह) में जननायक की आदमकद की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं गरीब किसान, कमेरे वर्ग के मसीहा जननायक स्व. चौ. देवीलाल की जयंती हर्षोल्लास से मनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान जजपा तथा जननायक सेवा दल व इनसो के कार्यकर्ता व पदाधिकारी युगपुरुष जननायक चौ देवीलाल जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके उन्हें नमन करेंगे। इसके लिए जोरदार तैयारियां जारी हैं और कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज हैं। डॉ. अजय चौटाला ने इस दौरान जजपा की मजबूती पर खास बल दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं का होना अति आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जननायक जनता पार्टी ने 25 अगस्त से प्रदेशभर में सक्रिय सदस्यता अभियान की शुरुआत की। पार्टी द्वारा इस एक माह के अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी कर रही है ताकी पार्टी को और मजबूती मिले। उन्होंने जजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत हर हलके में 500 मेहनती, कर्मठ, निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सक्रिय कार्यकर्ता बना रही है। इस अभियान के जरिए हर क्षेत्र यानी कि प्रत्येक बूथ स्तर तक पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं को सक्रिय कार्यकर्ता बना रही है ताकि वे सक्रिय कार्यकर्ता बनने के बाद दूसरे चरण में सामान्य सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी का प्रचार करते हुए घर-घर जाकर नये लोगों को पार्टी से जोडऩे का काम करें। डॉ. चौटाला ने कहा कि राज्य की भाजपा-जजपा की गठबंधन सरकार गरीब किसान, कमेरे वर्ग के हित में निरंतर कार्य करते हुए प्रदेश को प्रगति के पथ की ओर अग्रसर कर रही है। जजपा ने प्रदेश के तमाम वर्गों से जो-जो चुनावी वायदे किए थे, उन्हें प्रदेश सरकार तेजी से अमली जामा पहना रही हैं। प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला अपना हर वायदा पूरा करेंगे। किसान आंदोलन के संदर्भ में डा. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि किसी भी मुद्दे का समाधान सडक़ पर बैठकर नहीं बल्कि वार्ता करके ही होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वार्ता के लिए तैयार है इसलिए किसान नेता भी बातचीत के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि अगर किसान नेता केंद्र सरकार से चर्चा करना चाहते है तो हम केंद्र से बातचीत करके मध्यस्थता करवाने के लिए तैयार है। उन्होंने ये भी कहा कि किसान आंदोलन की आड़ में विपक्षी नेता किसानों को गुमराह करके अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने की कोशिश कर रहे है इसलिए ऐसे लोगों से सतर्क व सावधान रहने की आवश्यकता है। इसके अलावा रूप किशोर शर्मा, भानु शर्मा, मनीष चौधरी, राधे, रमनदीप कौर, सीमा, बरखा ,जसवीर कौर , आदि ने दर्जनभर ने जननायक जनता पार्टी का दामन थामा ।