फरीदाबाद। एनआईटी के दो नंबर में व्याप्त समस्याओं को लेकर हरियाणा व्यापार मंडल के जिला प्रधान राम जुनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल दो नंबर चौकी इंचार्ज धर्मबीर सिंह से मिला। इस दौरान जहां व्यापारियों ने चौकी इंचार्ज के समक्ष दो नंबर मार्किट में लगने वाले जाम की समस्या को रखा वहीं चेन स्नैचिंग व चोरी की वारदातों के बारे भी बताया तथा मार्किट में आपराधिक वारदातों को रोकने के लिए और सुरक्षा के मद्देनजर चौकीदार रखने के बारे भी कहा। जाम की समस्या पर प्रधान रामजुनेजा व चौकी इंचार्ज धर्मबीर सिंह ने विचार विमर्श करते हुए कहा कि भाटिया सेवक समाज के समीप चौक पर ट्रांसफार्मर लगा होने के चलते यहां कई खम्भे लगे है, उन्हें दूसरी तरह अगर लगाया जाए तो यहां सडक़ चौकी हो सकती है और जाम से लोगों को राहत मिलेगी। जिस पर श्री जुनेजा ने एसई बिजली बोर्ड से फोन पर बात की और इस समस्या के बारे में बताया, जिस पर उन्होंने कार्यवाही का आश्वासन दिया और कुछ ही समय में बिजली कंट्रोल रूम से फोन भी आया और इस बाबत उनकी बातचीत भी हो गई। चौकी इंचार्ज धर्मबीर सिंह ने व्यापारियों को बताया कि पुलिस आम जनता को सुरक्षा व सहयोग करने में कतई पीछे नहीं है। दो नंबर मार्किट में जाम से निपटने के लिए यहां पुलिस कर्मचारियों की तैनाती रहती है और जरा सा जाम लगने पर पुलिस कर्मी तेजी से यातायात को व्यवस्थित करते है और उसे खुलवाते है। उन्होंने कहा कि मार्किट में आपराधिक वारदातों के मद्देनजर गश्त बढ़ाई जाएगी, जिससे कि लोग बिना खौफ के बाजार में आ जा सके। इस अवसर पर तिकोना मार्किट के प्रधान देवेंद्र रतड़ा, दो नंबर मार्किट के प्रधान राकेश नागपाल (पप्पू ) समाजसेवी कंवल आहुजा, कैलाश गांधी आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।
