फरीदाबाद 30 जुलाई। गुज्जर समाज और अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के नाम पर कुछ समाज विरोधी तत्वों द्वारा आपसी सौहार्द को बिगाड़ने और इतिहास से खिलवाड़ करने के लिए आगामी 8 अगस्त को ग्राम अनंगपुर में क्षत्रियवीर मिहिर भोज और दिल्लीअधिपति राजपूत शासक अनंगपाल तोमर की गुज्जर सम्राट के रूप में मूर्ति स्थापना के विरोध में क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधि संगठनों की बैठक सेक्टर 8 स्थित महाराणा प्रताप भवन में हुई जिसमें युवा राजपुताना संगठन, क्षत्रिय एकता मंच क्षत्रिय सभा बल्लभगढ़, राजकुल सांस्कृतिक संस्था, राजपूत सभा फरीदाबाद, क्षत्रिय जन कल्याण समिति, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, अखंड राजपुताना सेवासंघ, वीरांगना निकिता तोमर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों सहित क्षत्रिय समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस आकस्मिक मीटिंग में गुज्जर समाज द्वारा ग्राम अनंगपुर में प्रस्तावित क्षत्रिय महापुरुषों की प्रतिमाओं को गुज्जर समाज के पूर्वज के रूप में स्थापित करने का कड़ा विरोध किया गया और गुज्जर समाज के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इतिहास से खिलवाड़ कर उसे बदलने के प्रयास की कड़ी भर्त्सना की गई। वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में फरीदाबाद के सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृष्ण पाल गुर्जर से अपील करते हुए कहा कि इतिहास को तोड़ मरोड़ कर स्थापित करने और गुज्जर-क्षत्रिय समाज के आपसी भाईचारे को खराब करने वाले इस कार्यक्रम को तुरंत रुकवाया जाए जिससे आपसी वैमनस्य ना बढ़े। समाज के प्रतिनिधियों ने जिला उपायुक्त और फरीदाबाद पुलिस आयुक्त से भी निवेदन किया कि क्षत्रिय समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और हिंदुस्तान के इतिहास से इस घृणित व निंदनीय करने वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए इस 8 अगस्त के प्रस्तावित कार्यक्रम को अविलंब रोका जाए जिससे शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति ना बिगड़े। सामाजिक प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि समय रहते यह प्रस्तावित कार्यक्रम नहीं रदद् किया गया तो शहर की कानून व्यवस्था बिगड़ने की जिम्मेदारी प्रशासन, सरकार व फरीदाबाद के सांसद की होगी। आज की इस मीटिंग में विशेष रूप से सभी क्षत्रिय संगठनों के अध्यक्ष के रूप में संजीव चौहान, गौरव भाटी, प्रमोद तोमर, कमल सिंह तंवर, नारायण सिंह शेखावत, गगन सिंह सिसोदिया व गणमान्य व्यक्तियों में क्षत्रिय सभा के पूर्व अध्यक्ष राजेश रावत, अखंड राजपुताना सेवासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बीरेन्द्र गौड़, एडवोकेट जय प्रकाश भाटी, रत्नाकर बैस, हरेंद्र भाटी, संजीव चौहान, अभिमन्यु सिंह तोमर , गौरव भाटी एडवोकेट, विनोद भाटी, वीरांगना निकिता तोमर के भाई नवीन तोमर उपस्थित रहे। इस बारे में आगामी कार्यवाही के लिए क्षत्रिय समाज ने समस्त सरदारी, सभी गांवों के पंच सरपंच एवं गणमान्य प्रतिनिधियों की एक बैठक रविवार 1 अगस्त को महाराणा प्रताप भवन, सेक्टर 8 में बुलाई गई है जिसमें आगामी कार्यवाही के लिए रणनीति पर विचार किया जाएगा।
