खोरी के लोगों को पुर्नस्थापित करना भाजपा सरकार का दायित्व : पं. राजेंद्र शर्मा


पीडि़त लोगों के साथ हर स्तर पर संघर्ष करेगा अपना भारत मोर्चा
फरीदाबाद।
 अपना भारत मोर्चा फरीदाबाद के फाउंडर मेम्बर एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पं. राजेंद्र शर्मा ने कहा कि गांव खोरी में वर्षाे से रह रहे लोगों के समक्ष अब बेघर होने की नौबत आ गई है, ऐसे में भाजपा सरकार का दायित्व बनता है कि वह इन लोगों को पुर्नस्थापित करें क्योंकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक हर व्यक्ति को छत देने का वायदा किया है, ऐसे में अगर सरकार व प्रशासन अदालत के आदेशों का सम्मान करती है और इन लोगों के आशियाने उजाड़ती है तो उनका यह फर्ज भी बनता है कि वह उन्हें रहने के लिए अन्य जगह मकान उपलब्ध करवाएं क्योंकि कोरोना महामारी के चलते लगे लॉकडाऊन ने देश-प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से डगमगाकर रख दिया है, इस समय मकान बनाना इन गरीब लोगों के बस की बात नहीं है ऐसे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल को इस मामले में हस्तक्षेप करके पीडि़त परिवारों को राहत देने का काम करना चाहिए। श्री शर्मा ने बाटा चौक स्थित अपने कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वह अदालत के आदेशों का सम्मान करते है लेकिन वर्षाे से जो लोग यहां रह रहे है, अपने जीवन भर की जमा पूंजी यहां लगा चुके है, उनके हित के लिए भी सरकार को सोचना चाहिए और ऐसे लोगों व अधिकारियों के खिलाफ भी कार्यवाही करनी चाहिए, जिन्होंने इस अवैध निर्माणों को बनवाने में किसी न किसी रूप में अपनी भूमिका निभाई है। राजेंद्र शर्मा ने कहा कि गांव के लोगों से कहा कि वह अदालत के आदेशों का सम्मान करें और ऐसा कोई काम न करें, जिससे कानून का उल्लंघन हो और भाईचारे का माहौल खराब हो। वह अपनी बात अदालत के माध्यम से अथवा प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के समक्ष पत्र के माध्यम से भी रख सकते है। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि डा. अशोक तंवर और अपना भारत मोर्चा पूरी तरह से पीडि़त परिवारों के साथ है और उनके  हकों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा।