फिलहाल 16 टन आ रही है आक्सीजन, जल्द होगी 20 टन की सप्लाई : मूलचंद शर्मा

कैबिनेट मंत्री ने किया आक्सीजन गैस प्लांट का औचक दौरा
फरीदाबाद, 03 मई । हरियाणा के परिवहन एवं खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने सोमवार को आर्गन एयर गैसेस कृष्णा कालोनी और भागीरथी ऑक्सीजन गैस प्लांट सेक्टर 24 का अचानक दौरा कर फरीदाबाद जिले में सप्लाई की जा रही ऑक्सीजन का ब्यौरा लिया। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार ऑक्सीजन और दवाओं की कोई कमी नहीं रहने देगी। जिले में अभी 16 टन ऑक्सीजन आ रही है और जल्द ही 20 टन की सप्लाई शुरू हो जाएगी। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने इस मौके पर अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि प्रशासन द्वारा यदि कोई लापरवाही की गई तो कार्यवाही की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले दिनों फरीदाबाद के निजी व सरकारी अस्पतालों में आक्सीजन की किल्लत बढऩे से कोविड मरीजों की जान पर बन आई थी, जबकि कई मरीज आक्सीजन की कमी से अकाल मौत का ग्रास भी बन गए थे, जिसके बाद प्रदेश सरकार ने संज्ञान लेते हुए कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा को मानिटरिंग कमेटी का सदस्य नियुक्त करके उन्हें जिले की जिम्मेवारी सौंपी।